मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5 का आने वाला एपिसोड दर्शकों को बॉलीवुड के सुनहरे दौर की सैर कराएगा, जब अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर अपने सबसे आइकॉनिक गानों में से एक “छम्मा छम्मा” के दिलचस्प परदे के पीछे की कहानियाँ और यादें साझा करेंगी।
चाइना गेट के मशहूर गाने के बारे में बात करते हुए, उर्मिला मातोंडकर ने बताया कि यह आइकॉनिक ट्रैक आश्चर्यजनक रूप से बहुत कम समय में पूरा हुआ। उन्होंने साझा किया, “मैंने पूछा गणेश मास्टर जी से ये गाना कितने दिन शूट होगा, फिर उन्होंने बोला प्लान तो बारह (12) दिन का था पर हमने तीन दिन में शूट किया वो गाना।”
करिश्मा कपूर ने भी इस गाने के रिलीज़ होने के समय का असर याद किया और उर्मिला के प्रदर्शन की तारीफ़ की। उन्होंने कहा, “उस समय मुझे याद है जब यह गाना आया था, मैंने उन्हें कॉम्प्लिमेंट किया और कहा कि क्या गाना है, कमाल का है, और उर्मिला ने बहुत अच्छा किया।”
उर्मिला ने आगे खुलासा किया कि उस दौर में आइटम सॉन्ग करने को लेकर उन्होंने शुरुआत में हिचकिचाहट दिखाई थी और बताया कि निर्देशक राजकुमार संतोषी ने उन्हें कैसे मनाया। उन्होंने साझा किया, “मुझे कहा गया कि राजकुमार संतोषी जी, जो फिल्म चाइना गेट के महान निर्देशक हैं, उस वक्त की आप कृपया इसमें गेस्ट अपीयरेंस आइटम सॉन्ग कीजिए। तो मैं बिल्कुल इसके पक्ष में नहीं थी क्योंकि उस समय आइटम सॉन्ग को बहुत गलत तरीके से देखा जाता था।”
उन्होंने आगे बताया कि संतोषी के शब्दों ने उनका नज़रिया बदल दिया। उर्मिला ने साझा किया, “उन्होंने मुझे एक बात बताई, ‘उर्मिला एक गाना आया था बरसों पहले और जब भी लोग डांस की बात करते हैं और कोरियोग्राफी की बात करते हैं तो यह एक गाना है जो आदमी की आँखों के सामने आता है। मुझे उस गाने से बेहतर गाना करना है।”
गाने की शूटिंग के दौरान आई चुनौतियों के बारे में बताते हुए उर्मिला ने खुलासा किया कि वह एक ही समय में कई शूट्स मैनेज कर रही थीं और उनके पास रिहर्सल का लगभग कोई समय नहीं था। उन्होंने कहा, “अब दो शूटिंग के बीच में, मैं डबल शिफ्ट कर रही थी। कल सुबह 9 बजे से इस गाने की शूटिंग थी मेहबूब स्टूडियो में। दोनों के बीच में मैं गई रिहर्सल देखने के लिए, जैसा उन्होंने मुझे कोरियोग्राफी दिखाई, मुझे बस एक हार्ट अटैक आने की कमी थी क्योंकि मैंने बोला, ‘ये क्या है, मैं कैसे करूँगी?”
टेरेन्स लुईस ने इस गाने के ग्लोबल इम्पैक्ट पर रोशनी डाली और साझा किया कि “छम्मा छम्मा” हॉलीवुड तक पहुँचा। उन्होंने कहा, “एक फिल्म बनी हॉलीवुड में, जिसका नाम मूलां रूज़ है और उसका क्लाइमैक्स सॉन्ग था। उसमें छम्मा छम्मा इस्तेमाल हुआ। वो फिल्म बहुत सारे अकादमी अवॉर्ड जीती थी और मुझे ये बहुत साफ़ तौर पर याद है, जैसे ही ये गाना बजा न छम्मा छम्मा, तो आप कल्पना कर सकते हैं कि छम्मा छम्मा की कितनी ज़बरदस्त लोकप्रियता थी कि उसे हॉलीवुड में इस्तेमाल किया गया।”
अविस्मरणीय कहानियों, आइकॉनिक डांस मोमेंट्स और बॉलीवुड के सुनहरे दौर की यादों के साथ, इंडिया’ज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5, जो इंडिया वाला डांस का जश्न मना रहा है, एक और मनोरंजक एपिसोड का वादा करता है जो सिनेमा और डांस के जादू को सेलिब्रेट करेगा।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal