किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सेना और पुलिस के बीच तीखी भिड़ंत की खबर है। रिपोर्ट के अनुसार, सेना के जवानों ने बुधवार को अठोली पुलिस स्टेशन पर धावा बोल दिया, जिसमें पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इस घटना के बाद पुलिस ने एक कमांडिंग अधिकारी सहित कई जवानों के खिलाफ FIR दर्ज की है।आरोप है कि सेना के जवानों ने पुलिस स्टेशन में घुसकर बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। यह घटना उस समय हुई जब थाना प्रभारी (एसएचओ) इंस्पेक्टर अमृत कटोच एक बैठक में शामिल होने गए थे, जो जिला उपायुक्त द्वारा पाडर ब्लाक के कार्यालय में आयोजित की गई थी। शिकायत के मुताबिक, जवानों ने लाठी, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से लैस होकर पुलिस स्टेशन के मुख्य द्वार और बाउंड्री वॉल को फांदकर परिसर में प्रवेश किया।एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि लगभग 30 से 40 जवान, जिनका नेतृत्व मेजर विकास शर्मा और नायब सूबेदार शंकर गुर्खे कर रहे थे, का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें पहुंचाना और उनकी हत्या करना था। जब एसएचओ अमृत कटोच मौके पर पहुंचे, तो उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। इसके अलावा, एसडीपीओ विजय कुमार भगत को भी घटना के दौरान चोटें आईं, और विशेष पुलिस अधिकारी सुरेश कुमार को सर्विस राइफल के बट से गर्दन पर चोट लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनाक्रम के बाद से सुरक्षा बलों और पुलिस प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल, घटना के कारणों की जांच और जिम्मेदार जवानों की पहचान की जा रही है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal