मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के प्रमुख फर्नीचर ब्रांड, ‘इंटरियो बाई गोदरेज’ ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ₹4,000 करोड़ का राजस्व (रेवेन्यू) दर्ज किया है। जो वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में सालाना आधार पर 12% की वृद्धि है। इस साल के दौरान कंपनी ने 100 नए शहरों में अपनी मौजूदगी बढ़ाई, जबकि नए उत्पादों की बिक्री का कुल बिजनेस में 22% योगदान रहा।
लगातार रिटेल विस्तार, बाजार में गहरी पहुंच, ऑनलाइन बिक्री में बढ़ोतरी और फर्नीचर की नई कैटेगरी शुरू करने के दम पर इंटरियो ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) में अपने राजस्व को 25% बढ़ाने की योजना बनाई है। कंपनी का इरादा वित्त वर्ष 27 के दौरान 102 नए स्टोर खोलने का भी है, जिसमें उत्तर और पूर्वी भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस प्रदर्शन और भविष्य के नजरिए पर बात करते हुए इंटरियो बाई गोदरेज के बिजनेस हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, स्वप्नील नगरकर ने कहा, “भारतीय फर्नीचर उद्योग बदलाव के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जहां ग्राहकों की उम्मीदें केवल उपयोगिता से बढ़कर डिजाइन, लचीलेपन (फ्लेक्सिबिलिटी), टेक्नोलॉजी और ओवरऑल लिविंग एक्सपीरियंस (रहने के अनुभव) की तरफ बढ़ रही हैं। भारतीय फर्नीचर बाजार 2031 तक बढ़कर 45.52 अरब अमेरिकी डॉलर होने की उम्मीद है। आज के आधुनिक भारतीय घर अधिक अनुकूल, बहुउद्देशीय (मल्टीफंक्शनल) और निजी जीवनशैली को दर्शाने वाले बन रहे हैं। यह बात ग्राहकों द्वारा फर्नीचर के लुक, उपयोगिता, मजबूती और सुविधा को परखने के तरीके को प्रभावित कर रही है।”
उन्होंने कहा, “गुणवत्ता और अनुपालन मानकों में सुधार के कारण उद्योग में संगठित ढांचा मजबूत हो रहा है। जिससे उपभोक्ताओं का भरोसा बढ़ रहा है और संगठित ब्रांडों के लिए दीर्घकालिक अवसर पैदा हो रहे हैं। हमारा मानना है कि उद्योग की अगली वृद्धि उन ब्रांडों द्वारा संचालित होगी जो बड़े पैमाने की क्षमता, डिजाइन, विनिर्माण शक्ति, तकनीकी एकीकरण और मजबूत रिटेल अनुभव का प्रभावी संयोजन कर सकें। जैसे-जैसे घरों का स्वरूप बदल रहा है, उपभोक्ता बालकनी, टैरेस और बाहरी स्थानों को भी अपने रहने के क्षेत्र का विस्तार मानने लगे हैं। इसी सोच ने हमारी आउटडोर फर्नीचर श्रेणी के तहत ट्यूब्युलर रेंज और गेमिंग फर्नीचर पोर्टफोलियो के विकास को दिशा दी है, ताकि आज के भारत की जीवनशैली के अनुरूप आधुनिक और उपयोगी फर्नीचर समाधान उपलब्ध कराए जा सकें।”
पिछले तीन वर्षों में इंटरियो का ई-कॉमर्स कारोबार 14 गुना बढ़ा है और अब यह कंपनी के कुल फर्नीचर कारोबार में 15% योगदान देता है। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने अपनी डिलीवरी और इंस्टॉलेशन सेवा को 1,200 पिन कोड से बढ़ाकर 20,000 से अधिक पिन कोड तक पहुंचाया। साथ ही सभी राज्य राजधानियों में 24 घंटे के भीतर डिलीवरी और इंस्टॉलेशन सेवा भी शुरू की गई।
अपने नए प्रोडक्ट इनोवेशन (NPI) रणनीति के हिस्से के रूप में, इंटरियो ने नई ‘ट्यूबलर रेंज’ लॉन्च करके आउटडोर फर्नीचर कैटेगरी में प्रवेश किया है और एक खास गेमिंग फर्नीचर रेंज के साथ अपने पोर्टफोलियो को भी बढ़ाया है। ट्यूबलर रेंज को आधुनिक भारतीय घरों में बालकनी, छतों और बाहरी जगहों के बढ़ते चलन को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
ट्यूबलर स्टील के सदाबहार डिजाइन से प्रेरित यह कलेक्शन हल्के वजन वाले एल्युमिनियम, मौसम की मार झेलने वाले मैटेरियल और आरामदायक (एर्गोनोमिक) डिजाइन को मिलाकर बनाया गया है, ताकि ऐसा फर्नीचर तैयार हो सके जो टिकाऊ, उपयोगी और बाहरी जगहों पर रहने के लिए सुंदर हो। यह रेंज उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाई गई है जो मेहमाननवाज़ी, आउटडोर लिविंग, बहुउद्देशीय उपयोग और आधुनिक डिजाइन वाले फर्नीचर की तलाश में हैं।
इंटरियो ने वित्त वर्ष 26 के दौरान सप्लाई चेन में बदलाव, टेक्नोलॉजी अपग्रेड और ग्राहकों को डिजिटल माध्यम से जोड़ने की अपनी विशिष्ट पहलों के जरिए अपनी ओमनीचैनल (ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों) क्षमताओं को मजबूत करना जारी रखा। इसमें टेक्नोलॉजी सिस्टम का पूरी तरह से कायाकल्प, रीब्रांडिंग पहल के तहत नया यूआई (UI) और यूएक्स (UX), तथा एआई (AI) आधारित प्रोडक्ट रिकमेंडेशन सिस्टम शामिल हैं। यह एआई सिस्टम ग्राहकों के ब्राउज़िंग व्यवहार, बातचीत, बिक्री के पैटर्न और ऑफर्स के आधार पर उनकी पसंद के अनुसार फर्नीचर के सुझाव देता है।
इंटरियो ने ग्राहकों के लिए खरीदारी को आसान और किफायती बनाने के प्रयास भी बढ़ाए हैं। इसके तहत 12 महीने तक की ‘नो-कॉस्ट ईएमआई’ (बिना अतिरिक्त ब्याज की किस्तें), पुराने फर्नीचर के लिए एक्सचेंज प्रोग्राम, वारंटी की अवधि बढ़ाना, केवल ऑनलाइन मिलने वाले खास प्रोडक्ट्स और प्रमुख बैंकों के जरिए विशेष ऑफर शामिल हैं। कम बजट वाले बाजारों में पैठ बनाने के लिए, इंटरियो टियर 2 और टियर 3 शहरों के उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर अपने किफायती ‘इको’ (Eco) प्रोडक्ट्स के पोर्टफोलियो को भी लगातार मजबूत कर रहा है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal