Sunday , June 21 2026

आईपीएफ बिहार काउंसिल के योग शिविर में लोगों ने किया योगाभ्यास

शारजाह (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईपीएफ बिहार काउंसिल द्वारा शारजाह कॉर्निश पर एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न राष्ट्रीयताओं और समुदायों के लोगों ने भाग लेकर योग के सार्वभौमिक संदेश स्वास्थ्य, सद्भाव और एकता को सशक्त बनाया। प्रतिभागियों ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान सत्रों में भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश ग्रहण किया।

आईपीएफ बिहार काउंसिल के संयोजक आर.के. महतो के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में टीम के सदस्य संजीत झा, शैलेश पांडेय, रजनीश सिन्हा, विकास सिंह, मानस पांडेय, अतुल कुमार, ओम प्रकाश, हेमंत सिंह एवं अमृता सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर आईपीएफ केंद्रीय समिति के उपाध्यक्ष अशोक दोषी ने कहा कि योग सम्पूर्ण मानवता को जोड़ने वाला माध्यम है और यह स्वस्थ, अनुशासित एवं तनावमुक्त जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

आर. के. महतो ने योग को भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि आज योग विश्वभर में लोगों को स्वस्थ जीवन की प्रेरणा दे रहा है। कार्यक्रम के दौरान आईपीएफ बिहार काउंसिल द्वारा प्रतिभागियों के बीच स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े उत्पादों का वितरण भी किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।