Saturday , June 6 2026

बाल निकुंज : प्रशांत शुक्ला की कप्तानी पारी से पलटन छावनी शाखा बनी क्रिकेट चैंपियन

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बाल निकुंज इंटर कॉलेज, मोहिबुल्लापुर स्थित शिव सहाय जी स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित अंतर्शाखीय क्रिकेट टूर्नामेंट के सीनियर-बी ग्रुप बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में बाल निकुंज इंग्लिश स्कूल, पलटन छावनी शाखा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाल निकुंज इंटर कॉलेज ब्वॉयज विंग को 61 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबला शनिवार सायं खेला गया। टॉस जीतकर बाल निकुंज इंटर कॉलेज ब्वॉयज विंग के कप्तान ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी के लिए उतरी पलटन छावनी टीम को कप्तान प्रशांत शुक्ला और उनके साथी ओपनर ने सशक्त शुरुआत दिलाई। प्रशांत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

प्रशांत शुक्ला ने अपनी पारी में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 33 रन बनाए तथा पहले विकेट के लिए 56 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। टीम के अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान देते हुए निर्धारित आठ ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 117 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

118 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्वॉयज विंग की टीम शुरुआत से ही पलटन छावनी के तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के कारण टीम निर्धारित आठ ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर केवल 57 रन ही बना सकी। इस प्रकार पलटन छावनी शाखा ने 61 रन की शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पलटन छावनी टीम के कप्तान प्रशांत शुक्ला को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 33 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी दो विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस अवसर पर कोऑर्डिनेटर सुधीर मिश्रा, सीनियर इंचार्ज दिनेश तिवारी, व्यवस्थापक एस.के. पांडेय, साहिल, कॉमेंटेटर नरेंद्र तिवारी, अंपायर धीरेंद्र भारती एवं आनंद शुक्ला, कोच पुलकित त्रिपाठी और शोभित सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विजेता टीम के खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।