Wednesday , June 17 2026

RR Group : छात्रों ने पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर RR Group of Institutions, बीकेटी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक, डीन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चीफ प्रॉक्टर, विभागाध्यक्षों एवं समस्त संकाय सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा स्वयं पौधारोपण कर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।

संस्थान के अधिकारियों ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृत्व के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक प्रेरणादायक प्रयास है। वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।