लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल के तत्वावधान में शुक्रवार को जानकीपुरम स्थित शौर्य इन होटल में GST विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं व्यापारियों के मध्य विशेष “व्यापारी संवाद कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और कर विभाग के बीच सीधा संवाद स्थापित कर GST से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना था।

कार्यक्रम में GST विभाग की ओर से ज्वाइंट कमिश्नर नीरज सिंह, डिप्टी कमिश्नर वीरेंद्र मिश्रा, असिस्टेंट कमिश्नर अभिमन्यु पाठक, डॉ. संजय सिंह तथा राज्य कर अधिकारी सत्यजीत उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए विभागीय नियमों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने GST रिटर्न फाइलिंग, विभागीय नोटिस, पंजीकरण, कर अनुपालन तथा अन्य व्यावहारिक विषयों से संबंधित समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें नियमों के अनुरूप कार्य करने की सलाह दी तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

भारतीय जन उद्योग व्यापार मण्डल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. सिंह बैसवारा ने कहा कि व्यापारियों और विभाग के बीच नियमित संवाद से समस्याओं का प्रभावी एवं त्वरित समाधान संभव है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी इनके आयोजन पर बल दिया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं संरक्षक सौरभ तिवारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारिक हितों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे संवाद कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।

इस अवसर पर व्यापार मण्डल के कोषाध्यक्ष विवेक शुक्ला, प्रभारी हनुमत सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज दीक्षित, प्रमोद तिवारी, प्रवीन मिश्रा, विशाल रावत, विमल चौबे एवं संजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों, पदाधिकारियों एवं व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी व्यापारियों और विभाग के बीच इसी प्रकार के संवाद कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal