संभलपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। IIM संभलपुर ने एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) ‘WE४YOU’ के सहयोग से ‘वेस्टर्न ओडिशा एबिलिटी समिट 2026’ की मेजबानी की। इस शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय “पहुंच से आय तक: समावेशी आजीविका के लिए स्थानीय मार्ग” था। जिसमें 200 से अधिक दिव्यांगजनों ने भाग लिया। इस सम्मेलन का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सुगमता, नवाचार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था, जो आईआईएम संभलपुर के मूल मूल्यों में से एक यानी ‘समावेशिता’ (Inclusivity) के बिल्कुल अनुरूप है।विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि आईआईएम संभलपुर का परिसर भी पूरी तरह से दिव्यांग-अनुकूल है।
इस कार्यक्रम में जयनारायण मिश्रा (विधायक, संभलपुर), प्रो. महादेव जैसवाल (निदेशक, आईआईएम संभलपुर), टी.एम. प्रकाश (अध्यक्ष – मानव संसाधन प्रमुख, Head HR, डाउनस्ट्रीम बिजनेस, मुंबई, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड) और प्रवीन वर्मा (सीईओ, TPWODL) भी उपस्थित थे।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए आईआईएम संभलपुर के निदेशक प्रो. महादेव जैसवाल ने कहा, “मैं प्रतिभागियों से यह याद रखने का आग्रह करता हूं कि सबसे बड़ी बाधा मानसिक है, शारीरिक नहीं। इसलिए, शारीरिक सीमाओं से परे देखें और एक अधिक समावेशी समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करें। आईआईएम संभलपुर में, हम एक ऐसा व्यावसायिक शिक्षा तंत्र (Business Education Ecosystem) विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो न केवल भारत की सेवा करे, बल्कि पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श मॉडल बने।”
संभलपुर के विधायक जयनारायण मिश्रा ने कहा, “मैं आईआईएम संभलपुर की इस उल्लेखनीय १० साल की यात्रा की सराहना करता हूं। संभलपुर में अपनी स्थापना के बाद से इस संस्थान ने जिस तरह से प्रगति की है और शिक्षा तथा नवाचार के माध्यम से सामुदायिक विकास और सामाजिक परिवर्तन में अपना योगदान देना जारी रखा है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है।”
यह पहल सामाजिक प्रभाव, समावेशी विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण के माध्यम से एक समावेशी भविष्य के निर्माण के प्रति आईआईएम संभलपुर की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal