मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। आधुनिक तकनीक जब सेवा और संवेदनाओं से जुड़ती है, तब वह केवल मशीन या उपकरण नहीं रहती, बल्कि किसी के जीवन को फिर से खड़ा करने का माध्यम बन जाती है। इसी भावना के साथ नारायण सेवा संस्थान एवं सौजन्यकर्ता श्री राधा कृष्णा चैरिटेबल फाउंडेशन यूएसए के तत्वावधान में मुंबई के निको हॉल, दादर (ईस्ट) में विशाल निःशुल्क दिव्यांग शल्य चिकित्सा जांच, चयन तथा जापानी एवं जर्मन तकनीक से निर्मित 3डी प्रिंटेड नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब मेजरमेंट शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में अत्याधुनिक 3डी स्कैनिंग, डिजिटल मेजरमेंट एवं मॉड्यूलर फिटमेंट तकनीक के माध्यम से दिव्यांगजनों का परीक्षण और मापन किया गया। संस्थान की विशेषज्ञ डॉक्टर एवं पीएंडओ (प्रोस्थेटिक एंड ऑर्थोटिक) टीम ने प्रत्येक रोगी की शारीरिक स्थिति, संतुलन, मसल कंट्रोल एवं मूवमेंट का सूक्ष्म परीक्षण कर व्यक्तिगत आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंगों की डिजाइन प्रक्रिया शुरू की।
यह नारायण मॉड्यूलर आर्टिफिशियल लिम्ब जापानी एवं जर्मन इंजीनियरिंग तकनीक पर आधारित है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाले हल्के, मजबूत और टिकाऊ कंपोनेंट्स का उपयोग किया जाता है। 3डी प्रिंटेड सॉकेट तकनीक के कारण लिम्ब की फिटिंग अधिक सटीक होती है, जिससे उपयोगकर्ता को चलने-फिरने में सहजता, संतुलन और आराम मिलता है। पारंपरिक कृत्रिम अंगों की तुलना में यह तकनीक अधिक एर्गोनोमिक, कम वजन वाली तथा लंबे समय तक उपयोगी मानी जाती है।
संस्थान के डॉ. मानस रंजन साहू ने बताया कि डिजिटल मापन प्रणाली के कारण प्रत्येक दिव्यांगजन के शरीर की संरचना के अनुसार कस्टमाइज्ड लिम्ब तैयार किया जाएगा। इससे घर्षण, दर्द एवं असंतुलन जैसी समस्याएं कम होंगी और उपयोगकर्ता अधिक प्राकृतिक तरीके से चल-फिर सकेंगे। कई दिव्यांगजन पहली बार ऐसी उन्नत तकनीक आधारित कृत्रिम अंग सेवा से जुड़कर उत्साहित दिखाई दिए।
मुंबई शाखा अध्यक्ष महेश अग्रवाल एवं ट्रस्टी देवेन्द्र चौबीसा ने मुख्य अतिथि राधाकृष्ण चेरिटेबल की जय श्री बेन, दादर विधायक कालिदास कोलंबकर, सियाराम ग्रुप के रमेश आशा जी पोद्दार, रोटरी क्वीन सिटी प्रेसिडेंट डॉ श्याम एवं साधना सिंघानिया, समाज सेवी निम्मी तोरानी, अग्रवाल सम्मेलन के शिवकांत खेतान, ओजस संस्थान के अतुल शाह और रोटरी के पूर्व गवर्नर डॉ. राजेंद्र अग्रवाल सहित संस्थान सदस्यों एवं अतिथियों का स्वागत किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal