Thursday , May 14 2026

यात्राओं पर अनूठी जानकारी से भरा है व्लाग परफेक्ट पैसेंजर

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय समाज में जिस तेजी से घुमक्कड़ी की संस्कृति बढ़ रही है वो साल दर साल बढ़ती पर्यटकों की संख्या में साफ नजर आती है। अब केवल छुट्टियों या सीजन में ही नहीं बल्कि साल भर महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर भीड़ मिल रही है। यात्राओं को लेकर इंटरनेट की दुनियों में जानकारियों से भरे तमाम व्लागों के बीच परफेक्ट पैसेंजर घुमक्कड़ी के शौकीनों के लिए अनूठी व काम लायक सूचनाएं पेश कर रहा है। 

परफेक्ट पैसेंजर के नाम से मशहूर शशांक उपाध्याय ने अपनी यात्रा की शुरुआत बहुत साधारण तरीके से की थी। वे पहले पब्लिक ट्रांसपोर्ट से सफ़र करते थे और धीरे-धीरे उन्होंने अपनी कार में घूमना शुरू किया। आज वे न सिर्फ हिमाचल की स्पीति घाटियों से लेकर गुजरात के द्वारिका तक, बल्कि पूर्वी भारत के मेघालय तक अपनी फैमिली के साथ घूम चुके हैं।

इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर उनके हजारों फॉलोअर्स हैं, लेकिन उनकी असली पहचान उनकी यही सादगी है। उन्होंने एक साधारण हैचबैक कार को कैंपर वैन में बदलकर यह साबित कर दिया कि घूमना सिर्फ लग्जरी गाड़ियों का मोहताज नहीं है। उनका मकसद है आम परिवारों को प्रेरित करना कि वे अपनी कार में भी देश-दुनिया घूम सकते हैं और नई जगहों का आनंद ले सकते हैं। 

शशांक के परफेक्ट पैसेंजर की खास बात सहज व सरल भाषा में उपयोगी जानकारियां परोसना है जो किसी भी पहली बार यात्रा करने वाले के लिए खासे काम की है। देश के विभिन्न जगहों से बनाए गए उनके वीडियो जानकारी देते हैं कि क्या करें व क्या न करें। साथ ही कैसे जाएं, कहां रुकें और क्या देखें इसकी भी भरपूर जानकारी परफेक्ट पैसेंजर में मिलती है।

आप उन्हें इंस्टाग्राम और यूट्यूब दोनों पर @perfectpassenger के नाम से पा सकते हैं और उनकी यात्राओं से प्रेरणा ले सकते हैं।