लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डिजिटल पेमेंट्स की दुनिया में अब सिर्फ तेजी से बढ़ना ही काफी नहीं माना जाता। असली चुनौती यह है कि करोड़ों ट्रांजैक्शंस संभालते हुए कंपनी मुनाफे में भी बनी रहे। इसी दिशा में मोबिक्विक ने वित्त वर्ष 26 में बड़ा बदलाव दिखाया है। कंपनी ने लगातार दूसरी लाभदायक तिमाही दर्ज करते हुए यह संकेत दिया है कि अब उसका फोकस सिर्फ विस्तार नहीं, बल्कि स्थायी और मजबूत ग्रोथ पर भी है।
वन मोबिक्विक सिस्टम्स लिमिटेड ने मार्च 2026 को समाप्त तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के नतीजे जारी करते हुए बताया कि चौथी तिमाही में एबिट्डा 174 मिलियन रुपए रहा। यह लगातार दूसरी लाभदायक तिमाही रही, जिसमें सालाना आधार पर 632 मिलियन रुपए का सुधार दर्ज किया गया। वहीं पूरे वित्त वर्ष 26 में एबिट्डा में 742 मिलियन रुपए का सुधार हुआ और कंपनी अंश के करीब पहुँच गई।
चौथी तिमाही में कंपनी का पीएटी 44 मिलियन रुपए रहा। वहीं कंट्रीब्यूशन प्रॉफिट 112% बढ़कर 1,351 मिलियन रुपए तक पहुँच गया। मोबिक्विक का पेमेंट्स बिज़नेस भी लगातार मजबूत हुआ, जहाँ जीएमवी 58% की सालाना बढ़त के साथ 524 बिलियन रुपए तक पहुँच गया।
मोबिक्विक के को-फाउंडर, एमडी और सीईओ बिपिन प्रीत सिंह ने कहा, “वित्त वर्ष 26 हमारे लिए एक अहम् मोड़ साबित हुआ। हमने लाभदायक दूसरी छमाही देने का वादा पूरा किया। अब हमारा फोकस कोर बिज़नेस को और मजबूत करने के साथ नए ग्रोथ इंजन तैयार करने पर है।”
कंपनी के मुताबिक, यूपीआई ट्रांजैक्शंस में 170% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई, जो इंडस्ट्री औसत से कई गुना तेज़ रही। वहीं फाइनेंशियल सर्विसेस बिज़नेस में भी रिकवरी देखने को मिली और जेडआईपी ईएमआई जीएमवी 59% बढ़कर 8,377 मिलियन रुपए तक पहुँच गया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal