तमिलनाडु में एम.वी. करुप्पैया बने प्रोटेम स्पीकर

चेन्नई : तमिलनाडु की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के बीच शोलावंदन से तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) विधायक एम.वी. करुप्पैया को विधानसभा का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया। रविवार को राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे।यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब अभिनेता से नेता बने विजय ने रविवार को ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया। 2026 विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी टीवीके ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की और राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने में सफलता हासिल की।तमिलनाडु विधानसभा सचिवालय के अनुसार, 17वीं विधानसभा का पहला विशेष सत्र सोमवार सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस सत्र में सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। प्रोटेम स्पीकर के रूप में एम.वी. करुप्पैया विधायकों को शपथ दिलाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके बाद 12 मई को विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा।एम.वी. करुप्पैया का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने वर्ष 2011 में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के टिकट पर शोलावंदन सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी से टिकट नहीं मिला। बाद में मार्च 2026 में उन्होंने टीवीके का दामन थामा और इसी वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में शोलावंदन (आरक्षित) सीट से जीत हासिल कर दोबारा विधानसभा पहुंचे।वहीं मुख्यमंत्री विजय ने रविवार सुबह चेन्नई सचिवालय पहुंचकर आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाला। इससे पहले जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल अर्लेकर ने विजय और उनके नौ मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया, जबकि पेरम्बूर सीट को अपने पास बरकरार रखा। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, उनका इस्तीफा मंत्रियों के.ए. सेंगोट्टैयन और पी. वेंकटरमन के माध्यम से विधानसभा के प्रमुख सचिव के. श्रीनिवासन को सौंपा गया।उल्लेखनीय है कि हालिया विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। पार्टी को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), विदुथलाई चिरुथैगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का समर्थन मिला। सहयोगी दलों के समर्थन के बाद विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।इसके बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने टीवीके को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया और विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर नई सरकार की शुरुआत की।———-