Thursday , April 9 2026

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटकों से हिली धरती

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। नई दिल्ली और आसपास के दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में शुक्रवार रात 9:42 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झटके इतने स्पष्ट थे कि लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

भूकंप का असर सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में भी झटके महसूस किए गए। कुछ स्थानों पर ऊंची इमारतों में पंखे, दरवाजे और फर्नीचर हिलते देखे गए, जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक ही रहे, लेकिन उनकी तीव्रता इतनी थी कि लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। कई जगहों पर लोग खुले मैदानों और सड़कों पर इकट्ठा हो गए।

राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, संबंधित एजेंसियां सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। भूकंप के दौरान और बाद में सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह दी गई है।