लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंतजार की घड़ियाँ खत्म हुईं। अपनी मजेदार कहानी और यादों के साथ सिनेमाघरों में दर्शकों को गुदगुदाने के बाद भाभी जी घर पर हैं – फन ऑन द रन की स्ट्रीमिंग अब ज़ी 5 पर हो रही है। यह कॉमेडी-ड्रामा फरवरी में सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया था, जिसमें आपके चहेते किरदारों की अफरा-तफरी और मनोरंजक एडवेंचर ने दर्शकों को खूब हँसाया। इस फिल्म के निर्देशक शशांक बाली हैं और इसमें भाभी जी घर पर हैं नाटक के ओरिज़नल किरदारों को लिया गया है, जिनमें आसिफ शेख, रोहिताश्व गौर, शुभांगी अत्रे, और विदिशा श्रीवास्तव के साथ मुकेश तिवारी और रवि किशन ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
लंबे समय तक टीवी पर सफल रहे शो भाभी जी घर पर हैं को एक पूरी फिल्म के रूप में परिवर्तित करके इस मूवी में आसिफ शेख और रोहिताश्व गौर को दर्शकों के सामने एक बार फिर क्रमशः विभूति नारायण मिश्रा और मनमोहन तिवारी के रूप में पेश किया गया है। वो अपने लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन व्यक्तित्व के अनुरूप एक बार फिर एक दूसरे की पत्नियों के करीब आने के लिए हास्यपूर्ण योजनाएं और अपने ट्रेडमार्क बहाने बनाते तथा मजेदार तिकड़में लगाते हुए नजर आएंगे।
विभूति, तिवारी, अनीता और अंगूरी भाभी घूमने की योजना बनाते हैं। वो कानपुर की परिचित गलियों से निकलकर एक रोड ट्रिप पर जाते हैं, जो आगे चलकर बेकाबू हो जाती है। यह सामान्य सी छुट्टी तब एक खतरनाक और मजेदार मोड़ ले लेती है, जब उनकी मुलाकात गैंगस्टर भाईयों, शांति और क्रांति से होती है। इन भाईयों का किरदार रवि किशन और मुकेश तिवारी ने निभाया है। ये दोनों अनीता और अंगूरी पर फिदा हो जाते हैं, जिसके बाद एक ऐसी भाग-दौड़ शुरू होती है, जिसमें कन्फ्यूज़न है और रूप बदलने व अप्रत्याशित ट्विस्ट के साथ एक जबरदस्त उथल-पुथल है।
इस शो के सिग्नेचर ह्यूमर के साथ इस फिल्म में रोमांस, स्लैपस्टिक, सिच्युएशनल कॉमेडी और मजेदार हॉरर एलिमेंट्स को शामिल करके हर उम्र के लोगों के लिए एक शानदार एंटरटेनर बनाया गया है। ‘‘भाभी जी घर पर हैं’’ और ‘‘सही पकड़े हैं!’’ जैसे लोकप्रिय डायलॉग यादों में ले जाते हैं, और दर्शकों के मन में ओरिज़नल सीरीज़ की याद ताजा कर देते हैं।

आसिफ शेख ने कहा, ‘‘तिवारी जी की दुनिया में मजेदार इनसिक्योरिटी और हद से ज्यादा आत्मविश्वास रहा है। इस फिल्म में उनके इन गुणों को उभारकर दिखाया गया है। इस फिल्म ने तिवारी-विभूति की राईवलरी को बनाए रखा है, लेकिन उसे एक नए अंदाज और परिस्थितियों के साथ पेश किया है। यह ओटीटी रिलीज़ फैंस को वही पुरानी कैमिस्ट्री बिल्कुल नई सैटिंग में देखने का अवसर दे रही है। मैं बहुत उत्साहित हूँ कि यह अफरा-तफरी अब ज़ी5 के माध्यम से पूरे देश के घरों में पहुँच रही है।’’
रोहिताश्व गौर ने कहा, ‘‘मुझे कई सालों तक मनमोहन तिवारी का किरदार निभाने का अवसर मिला। लेकिन अब बड़े पर्दे उन्हें देखना न केवल मेरे लिए बल्कि इस किरदार को देखकर बड़े हुए सभी दर्शकों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। इस फिल्म ने मुझे उनके अंदाज को विशाल फॉर्मेट में पेश करने का अवसर दिया, जो एक अभिनेता के रूप में मेरे लिए बहुत संतोषजनक अनुभव था। मेरा मानना है कि दर्शक तिवारी की शरारतों और कारनामों को सिनेमा के रूप में बहुत पसंद करेंगे। अब ज़ी5 पर इस फिल्म के प्रीमियर के साथ दर्शक अपने घर बैठे ही यह मजेदार उथल-पुथल देख सकेंगे।’’
शुभांगी अत्रे ने कहा, ‘‘सिनेमा पर भोली-भाली अंगूरी का किरदार निभाकर मुझे उसके आकर्षण को नए व मजेदार रूप में पेश करने का अवसर मिला। इस फिल्म ने अंगूरी के किरदार में वापस जान फूंक दी और उसमें एडवेंचर की ऐसी परत जोड़ दी, जो दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखी है। दर्शकों के लिए यह उस समय में वापसी की तरह है, जब वो अंगूरी की सादगी और अपनेपन पर फिदा हो गए थे। ज़ी5 पर इस फिल्म के प्रीमियर के साथ मैं भी बहुत उत्साहित हूँ क्योंकि अब पूरे भारत के परिवार इस सफर के साथ पुरानी यादों का आनंद ले सकेंगे।’’
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal