Tuesday , March 31 2026

पहली बार करेंगे स्क्रीन शेयर सलमान खान और नयनतारा

भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सुपरस्टार सलमान खान और साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। दोनों निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की आगामी एक्शन एंटरटेनर फिल्म में साथ दिखाई देंगे। इस बड़े प्रोजेक्ट को मशहूर निर्माता दिल राजू अपने बैनर श्री वेंकटेश्वर क्रिएशंस के तहत प्रोड्यूस कर रहे हैं।फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा था, वहीं अब नयनतारा के लीड एक्ट्रेस के रूप में जुड़ने से इस प्रोजेक्ट को लेकर एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है। सलमान अपनी मास अपील और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के लिए जाने जाते हैं, जबकि नयनतारा ने अपने अभिनय से दक्षिण भारतीय सिनेमा में खास पहचान बनाई है। ऐसे में दोनों का साथ आना इंडस्ट्री के लिए बेहद खास माना जा रहा है।इस फिल्म की खासियत यह होगी कि इसमें दो अलग-अलग अभिनय शैलियों का संगम देखने को मिलेगा। जहां सलमान का करिश्माई और एंटरटेनिंग अंदाज दर्शकों को आकर्षित करता है, वहीं नयनतारा अपने किरदारों में गहराई और भावनात्मक मजबूती लेकर आती हैं। निर्देशक वामशी पेडिपल्ली इस फिल्म में हाई-वोल्टेज एक्शन के साथ एक मजबूत कहानी और इमोशनल टच पेश करने की तैयारी में हैं।बताया जा रहा है कि यह फिल्म बड़े बजट पर तैयार की जाएगी और इसे एक भव्य सिनेमाई इवेंट के रूप में पेश किया जाएगा। फिल्म की शूटिंग अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। फिलहाल फिल्म के टाइटल और अन्य स्टारकास्ट का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन सलमान खान और नयनतारा की जोड़ी पहले ही सुर्खियों में छा चुकी है और दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।