Thursday , March 26 2026

‘हमें छोड़कर मत जाइए..’, JDU कार्यकर्ता नीतीश कुमार से बोले- ‘निशांत को बनाइए मुख्यमंत्री’

Bihar Politics : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी “समृद्धि यात्रा” के अंतिम दिन नालंदा पहुंचकर राज्य की विकास यात्रा का संदेश दिया। जिला मुख्यालय बिहारशरीफ के दीपनगर स्टेडियम में आयोजित इस सभा में उन्होंने करीब 45 मिनट तक अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और पूर्व की सरकारों पर तीखा हमला बोला। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने भराव स्थित फ्लाईओवर का उद्घाटन किया और रिवर फ्रंट परियोजना का निरीक्षण कर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।‘2005 के बाद बदला बिहार’मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 में एनडीए सरकार के सत्ता में आने के बाद बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ। उन्होंने दावा किया कि पहले के दौर में लोग शाम को घरों से निकलने में डरते थे, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क की स्थिति बेहद खराब थी, और सांप्रदायिक तनाव आम बात थी। उन्होंने कहा कि अब बिहार में शांति और विकास का माहौल है।नीतीश कुमार ने स्वास्थ्य व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में महज 39 मरीज महीने में आते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 11 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि 2006 से ही सरकारी अस्पतालों में मुफ़्त दवाओं की व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिली है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे, जिन्हें बढ़ाकर 12 किया गया है। इसके अलावा, 6 नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यहां बेड की संख्या 5400 तक बढ़ाई जा रही है, जो देश में सबसे अधिक होगी।उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क और पुल-पुलियों का जाल बिछाया गया है, जिससे अब किसी भी जिले से पटना छह घंटे में पहुंचा जा सकता है। एक्सप्रेस-वे, सिक्स लेन और फोर लेन सड़क परियोजनाओं का विस्तार किया गया है, ताकि संपर्क और आसान हो सके।नीतीश कुमार ने बताया कि पहले पटना समेत पूरे बिहार में 8-9 घंटे ही बिजली मिलती थी, लेकिन वर्तमान में हर घर तक बिजली पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अगले कदम के रूप में 50 लाख घरों पर सोलर प्लांट लगाने की योजना है, जिसके लिए लोगों को पैसे नहीं देने होंगे।सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मदरसों के शिक्षकों को वेतन दिया गया है, कब्रिस्तानों और मंदिरों की घेराबंदी कर सांप्रदायिक विवादों को कम किया गया है। इसके साथ ही, बिहार में शांति और सद्भाव स्थापित हुआ है।नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 50 लाख युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया है। उनका लक्ष्य है कि अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाए।सभा में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार की मदद कर रही है और आगे भी सहयोग जारी रहेगा।सभा के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बिहार का सीएम कैसा हो, निशांत कुमार जैसा हो” और “हमें छोड़कर मत जाइए मुख्यमंत्री जी” जैसे नारे लगाए, जिससे राजनीतिक माहौल गरम हो गया।कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 810 करोड़ रुपये की 226 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने बिहार के विकास के लिए कई योजनाओं का शुभारंभ किया।