Sunday , March 22 2026

हिंदुजा फाउंडेशन की जल जीवन पहल से 5 ट्रिलियन लीटर भूजल हुआ रिचार्ज

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हिंदुजा फाउंडेशन ने विश्व जल दिवस पर घोषणा की कि उसकी प्रमुख जल प्रबंधन पहल ‘जल जीवन’ के माध्यम से भारत में 5 ट्रिलियन लीटरसे अधिक भूजल का रिचार्ज हुआ है और 1,17,620 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई व्यवस्थाको सुदृढ़ किया गया है। इस पहल से 16 राज्यों के जल-संकटग्रस्त क्षेत्रों में जलसुरक्षा, कृषि उत्पादकता और ग्रामीण आजीविका में सुधार हुआ है, जिससे लाखों लोगों को लाभ मिला है। 

स्थानीय समुदायों, तकनीकी संगठनों और हिंदूजा समूह की कंपनियों के सहयोग से लागू की जा रही यह पहल जल प्रबंधन के समग्र दृष्टिकोण पर आधारित है। इसमें वॉटरशेड और स्प्रिंग शेड प्रबंधन, वर्षा जल संचयन के माध्यम से घरेलू जल उपलब्धता में सुधार, वाटर एटीएम, जल स्रोतों का पुनर्जीवन, पारंपरिक जल निकायों का पुनरुद्धार और जलवायु-संवेदनशील कृषि को बढ़ावा देना शामिल है। ये सभी प्रयास मिलकर भूजल पुनर्भरण और समुदायों की जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीलापन बढ़ाते हैं।

हिंदूजा फाउंडेशन के सीईओ रमनकल्याण कृष्णन ने कहा, “ग्रामीण भारत में जल सुरक्षा का सीधा संबंध आजीविका से है। ‘जल जीवन’ पहल के माध्यम से हम समुदायों के साथ मिलकर टिकाऊ जल अवसंरचना का निर्माण कर रहे हैं। जो घरेलू जल उपलब्धता बढ़ाने, कृषि को समर्थन देने और जलवायु अनिश्चितताओं के खिलाफ मजबूती प्रदान करने में मदद करती है। हमारा फोकस सामुदायिक भागीदारी पर आधारित दीर्घकालिक और जिम्मेदार जल उपयोग सुनिश्चित करना है।”

इस पहल ने जल संकट के बोझ को कम किया है, फसल उत्पादन बढ़ाया है, पशुपालन को बेहतर बनाया है और महिलाओं व परिवारों के लिए पानी लाने में लगने वाले समय में उल्लेखनीय कमी लाई है। साथ ही, जल संरचनाओं के सामुदायिक रखरखाव को बढ़ावा देकर दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की गई है।