Wednesday , March 18 2026

इंदौर में इलेक्ट्रिक कार में चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर में बंगाली चौराहा के पास स्थित एक कॉलोनी में आज सुबह करीब 4 बजे एक मकान में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे छह लोग जिंदा जल गए, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पुगलिया परिवार के घर के बाहर देर रात इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार ने आग पकड़ ली। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के भीतर फैल गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर दस से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आते ही सिलेंडरों में विस्फोट शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि कम से कम 4 सिलेंडर एक के बाद एक फटे, जिससे तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा ढह गया।हादसे के समय पुगलिया परिवार के घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई सदस्य और रिश्तेदार एक साथ मौजूद थे। घटना के समय अधिकतर लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब बिजली कटने के बाद घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम नहीं कर पाए। आशंका है कि इसी वजह से लोग अंदर ही फंस गए।राहत और बचाव कार्य जारीसूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।सभी मृतक एक ही परिवार केइस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, उनमें मनोज जैन पुगलिया (65 वर्ष), सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया (65 वर्ष), सुमन सेठिया (60 वर्ष), राशि (12 वर्ष) और छोटू सेठिया (22 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में सौरभ (32 वर्ष), सुनीता (58 वर्ष) और सोमिल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया, “शुरुआती जांच के अनुसार, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था और चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हो गया। इसके बाद आग वाहन से घर में फैल गई। घर के अंदर 10 से अधिक गैस टैंक भी रखे थे, जिनमें से कुछ में विस्फोट हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों को बचा लिया गया है। यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का व्यवसाय चलाते थे। घर में कुछ ज्वलनशील रसायन भी रखे थे।”इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने आग की घटना पर बताया कि दमकल और प्रशासन की टीमें बचाव अभियान में लगी हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है, लेकिन छह लोगों की मौत हो गई है। बिल्डिंग की दो मंजिलों को खाली करा लिया है, अभी एक और मंजिल की जांच की जा रही है।