Monday , March 16 2026

इंडियन आइडल : गुरु के सरप्राइज़ से भावुक हुईं श्रेया घोषाल, ‘बैरी पिया’ से महका मंच

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन आइडल का मंच उस रात बेहद भावुक हो गया जब शो में मोहम्मद रफ़ी और मुकेश के सदाबहार गीतों को याद किया गया और संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की मौजूदगी ने एपिसोड को खास बना दिया। इसी दौरान श्रेया घोषाल के जन्मदिन सप्ताह पर उन्हें मिला एक सरप्राइज़ ने सबको भावुक कर दिया।

होस्ट आदित्य नारायण ने मंच पर एक बेहद भावुक पल साझा किया। उन्होंने श्रेया घोषाल की शुरुआती संगीत यात्रा से जुड़ी एक याद ताज़ा की और उनके पहले गुरु महेश चंद्र शर्मा को लिखा गया एक पत्र पढ़कर सुनाया। 

आदित्य ने मंच पर वह पत्र पढ़ते हुए कहा “नमस्ते, आशा करती हूँ कि आप सब वहाँ खुशहाल हैं। अभी भी यहाँ मेरी शास्त्रीय शिक्षा शुरू नहीं हो पाई है। पापा जी अभी अच्छे गुरु से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। यहाँ आने के बाद मैं कुछ दिनों तक कल्याण जी के पास सीखने जा रही थी, पर इस बीच मुझे जॉन्डिस हो गया, जिसकी वजह से मैं एक महीने तक उनके पास नहीं जा पाई। मैं रोज़ आपके सिखाए हुए रागों का रियाज़ करती हूँ। आप मेरी भक्ति पूर्ण प्रण लीजिए।

पत्र सुनकर श्रेया भावुक हो गईं और उन्होंने बताया कि यह पत्र उन्होंने सालों पहले अपने गुरुजी को लिखा था। तभी मंच के पीछे से एक आवाज़ आई जिसने सबको चौंका दिया। वह आवाज़ उनके गुरुजी महेश चंद्र शर्मा की थी। उन्होंने कहा, “उस समय तो मैं जवाब नहीं दे पाया, लेकिन आज ज़रूर देना चाहता हूँ। लोग गुरुजी के नाम से शिक्षक को पहचानते हैं, लेकिन मुझे इस बात का गर्व है कि मुझे लोग श्रेया के नाम से पहचानते हैं।”

इस भावुक पल को और खास बनाते हुए गुरुजी ने श्रेया को एक डायरी भेंट की जिसमें उन्होंने उनके साथ सीखे हर राग और बंदिश को दर्ज किया था। डायरी देते हुए उन्होंने कहा “मेरी जितनी भी बंदिशें शुरू से लेकर आज तक की हैं, मैं यह किताब तुम्हारे लिए लेकर आया हूँ। मेरे पूरे जीवन की कमाई यही है।”

मंच पर श्रेया और उनके गुरुजी दोनों भावुक हो उठे। इसके बाद गुरुजी ने उनसे फिल्म देवदास का मशहूर गीत “बैरी पिया” गाने का अनुरोध किया। गुरुजी की इच्छा का सम्मान करते हुए श्रेया ने उसी क्षण यह गीत गाया। उनकी मधुर प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भावनाओं से भर दिया और यह पल एपिसोड के सबसे यादगार और भावुक हाइलाइट्स में बदल गया।

श्रेया घोषाल के जन्मदिन सप्ताह का यह खास सरप्राइज़, इंडियन आइडल के मंच पर गुरु और शिष्य के खूबसूरत रिश्ते का दिल छू लेने वाला जश्न बन गया।