Saturday , March 14 2026

‘घर जेल’ की सज़ा के बाद शनाया पहुँची पुष्पा के चाल में

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी सब का शो पुष्पा इम्पॉसिबल पुष्पा (करुणा पांडे) की एक प्रेरणादायक कहानी है, जो एक मज़बूत और आत्मनिर्भर महिला है। गृहिणी से वकील बनने तक का सफर तय करने वाली पुष्पा ने ज़िंदगी की सबसे कठिन चुनौतियों का सामना किया है। निजी दुःखों के बावजूद वह न्याय की लड़ाई लड़ती है और अपने मूल्यों पर अडिग रहती है, चाहे रास्ता कितना भी मुश्किल क्यों न हो।

आने वाले एपिसोड्स में शनाया (मुस्कान बामने) के खिलाफ चल रहे केस में कोर्ट का फैसला सबको हैरान कर देगा। सबूतों से साबित होता है कि शनाया की लापरवाह ड्राइविंग की वजह से पुष्पा की बहू, प्रार्थना (पूजा कटुर्दे) की मौत हुई। लेकिन, जब कोर्ट शनाया की उम्र को ध्यान में रखता है, तो मामला नया मोड़ ले लेता है। चूँकि, शनाया नाबालिग है, उसे सामान्य जेल की सज़ा नहीं दी जा सकती। इसके बजाए जज एक अनोखा फैसला सुनाते हैं।

शनाया को ‘घर जेल’ की सज़ा मिलती है, जिसके तहत उसे पुष्पा की देखरेख में उनके चाल में रहना होगा। यह फैसला पुष्पा के परिवार और पूरे समुदाय को झकझोर देता है। एक ओर, हर कोई उस इंसान को अपने बीच स्वीकार करने को तैयार नहीं है, जिसकी वजह से उन्होंने अपने प्रियजन को खोया। दूसरी ओर, शनाया के लिए चाल की ज़िंदगी में ढलना बेहद मुश्किल है। लेकिन, पुष्पा का मानना है कि जवाबदेही के साथ आत्मचिंतन और बदलाव ज़रूरी है। जैसे ही शनाया पुष्पा की दुनिया में कदम रखती है, रिश्तों में तनाव और भावनाओं का तूफान और भी गहरा हो जाता है।

करुणा पांडे, जो पुष्पा का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, “पूरा कोर्टरूम सीक्वेंस बहुत भावुक है, क्योंकि पुष्पा अपनी बहू प्रार्थना के लिए न्याय की लड़ाई लड़ रही है। लेकिन, जो फैसला आता है, तो वह किसी ने सोचा भी नहीं था। चूँकि, शनाया नाबालिग है, कोर्ट ‘घर जेल’ का फैसला सुनाता है, जहाँ उसे पुष्पा की देखरेख में रहना होगा। यह स्थिति पुष्पा के लिए बेहद जटिल है, एक माँ के तौर पर भी और एक इंसान के तौर पर भी, जो न्याय में विश्वास रखती है। इस सीक्वेंस को शूट करते समय मैं लगातार सोच रही थी कि पुष्पा के लिए कितना कठिन होगा उस इंसान के साथ रहना, जो उसे उसकी गहरी पीड़ा की याद दिलाता है। एक अभिनेत्री के तौर पर इस ‘घर जेल’ सीक्वेंस में दुःख और मज़बूती का संतुलन दिखाना मेरे लिए बहुत भावुक अनुभव रहा।”