कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा अवैध रूप से पार करने की कोशिश कर रहे एक अफगान नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।सीमा सुरक्षा बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि आरोपित की पहचान अलजाही मुसाफर के रूप में हुई है, जो अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत का निवासी बताया जा रहा है। उसे देर रात नियमित गश्त के दौरान नदिया जिले के फतेपुर सीमा क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके पास भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। उसके पास बांग्लादेश का भी कोई पहचान पत्र नहीं मिला।प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया। मंगलवार को नदिया जिले के रानाघाट की एक अदालत ने आरोपित को पुलिस हिरासत में भेज दिया। वह नदिया जिले के हांसखाली थाना पुलिस की हिरासत में है। पुलिस के अनुसार, आरोपित यह नहीं बता सका कि वह किस उद्देश्य से सीमा क्षेत्र में पहुंचा और किसके सहयोग से उसने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की कोशिश की। इस बात की भी जांच की जा रही है कि वह किस रास्ते से पहले बांग्लादेश पहुंचा और वहां से भारत आने का प्रयास किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal