Friday , March 6 2026

प्रधानमंत्री मोदी की कोलकाता रैली 15 के बजाय 14 मार्च को, भाजपा उम्मीदवारों की सूची पर काम तेज

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच भारतीय जनता पार्टी की कोलकाता में प्रस्तावित बड़ी रैली की तारीख बदल सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह रैली पहले 15 मार्च को निर्धारित थी, लेकिन अब इसे एक दिन पहले यानी 14 मार्च को आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।भाजपा के राज्य समिति के एक सदस्य के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय के कार्यक्रम में संभावित बदलाव के कारण रैली की तारीख में परिवर्तन किया जा सकता है। नए प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी 13 मार्च की रात कोलकाता पहुंच सकते हैं और 14 मार्च की दोपहर में रैली को संबोधित करने के बाद उसी दिन दिल्ली लौट सकते हैं।कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में होने वाली यह रैली भाजपा की परिवर्तन यात्रा का समापन के कार्यक्रम के रूप में होगी। यह यात्रा दो मार्च से शुरू हुई है। परिवर्तन यात्रा के विभिन्न चरणों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीयमंत्री जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हो चुके हैं।इस बीच पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। राज्य इकाई संभावित उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश केंद्रीय नेतृत्व को भेजने की तैयारी कर रही है।पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए दो अलग-अलग सूचियां तैयार की जा रही हैं। पहली सूची में तीन पसंदीदा उम्मीदवारों के नाम होंगे, जबकि दूसरी सूची में तीन ऐसे नाम शामिल किए जाएंगे जिन्हें उम्मीदवार के रूप में प्राथमिकता नहीं दी जा रही है।