लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने जन भवन प्रांगण, लखनऊ में आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में सक्रिय सहभागिता की। शुक्रवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यूपीएमआरसी के स्टॉल का अवलोकन किया और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी ली।

इस वर्ष यूपी मेट्रो द्वारा लगाए गए स्टॉल में मेट्रो परियोजनाओं, हरित प्रयासों तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया गया है। पुष्पों से निर्मित भगवान गरुड़ की आकृति, यूपीएमआरसी लोगो एवं अन्य पुष्प आकृतियां प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहीं और दर्शकों के लिए सेल्फी प्वाइंट बनी हुई हैं।

गरुड़ आकृति की सुंदरता एवं रचनात्मक प्रस्तुति की राज्यपाल ने सराहना की। यूपीएमआरसी को इस वर्ष भी पुष्प सज्जा एवं हॉर्टीकल्चर डिज़ाइन के लिए विभिन्न पुरस्कारों हेतु नामांकित किया गया है।
मेट्रो के सोवेनियर आइटम्स और टॉय ट्रेन आकर्षण का केंद्र
यूपीएमआरसी का स्टॉल लखनऊ मेट्रो परियोजना की विशेषताओं के साथ-साथ जल्द शुरू होने वाले ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर की जानकारी दे रहा है। साथ ही कानपुर एवं आगरा मेट्रो परियोजनाओं में तेजी से हो रहे विकास कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल में उपलब्ध सोवेनियर आइटम्स, टॉय ट्रेन एवं अन्य सामग्री लोगों को काफी पसंद आ रही है।

सौर ऊर्जा का उपयोग
यूपी मेट्रो ने अपने डिपो, मेट्रो स्टेशनों एवं कार्यालयों में कुल 4.122 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट स्थापित किए हैं—
• लखनऊ मेट्रो: 3.122 मेगावाट
• कानपुर मेट्रो: 1 मेगावाट
इनसे प्रतिवर्ष लगभग 48 लाख यूनिट बिजली की बचत हो रही है।
हरित पहल एवं पर्यावरण संरक्षण
यूपी मेट्रो ने अपनी विभिन्न परियोजनाओं में लगभग 1.1 लाख वर्ग मीटर हरित क्षेत्रफल विकसित किया है—
• लखनऊ मेट्रो: 65,000 वर्ग मीटर
• कानपुर मेट्रो: 35,000 वर्ग मीटर
• आगरा मेट्रो: 1,200 वर्ग मीटर
इसके अतिरिक्त, लखनऊ मेट्रो द्वारा प्रतिवर्ष लगभग 2.5 लाख लीटर वर्षा जल का संरक्षण किया जा रहा है।

जीरो डिस्चार्ज व्यवस्था एवं कचरा प्रबंधन
यूपी मेट्रो के डिपो में जीरो डिस्चार्ज सिस्टम लागू किया गया है। अपशिष्ट जल को शोधन के बाद पुनः उपयोग में लाया जाता है। साथ ही जैविक कचरे से खाद बनाने हेतु कम्पोस्ट मशीन भी स्थापित की गई है।
यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने पुष्प प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए उद्यानिकी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्टॉल यूपी मेट्रो की प्रगति और पर्यावरण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal