Thursday , September 19 2024

किसानों और मजदूरों के हितों के खिलाफ काम कर रही है भाजपा सरकार : प्रियंका गांधी

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने चिरमिरी में की आमसभा

छत्तीसगढ़ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता छत्तीसगढ़ में आकर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं ले रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज कोरबा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत चिरमिरी में पार्टी प्रत्याशी ज्योत्सना महंत के समर्थन में आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने जनता के हित में अनेक कार्य किए। गौठान बनाए, लोगों को जमीन का पट्टा दिलवाया और छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान को बढ़ाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जल, जंगल, जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकारों को मजबूत किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र की भाजपा सरकार, किसानों और मजदूरों के हितों के खिलाफ काम कर रही है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर चरणदास महंत सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।