Thursday , November 26 2026

मैरिको की ‘मज़बूती की पाठशाला’ का नया अध्याय शुरू, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। FMCG कंपनियों में से एक, मैरिको लिमिटेड ने गुरुवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अपनी प्रमुख शिक्षा-केंद्रित CSR पहल के नए स्वरूप निहार शांति मज़बूती की पाठशाला का अनावरण किया। पहले यह “पहल निहार शांति पाठशाला फनवाला” के नाम से जानी जाती थी। इसकी नई पहचान शिक्षा के माध्यम से बेहतर और सशक्त भविष्य के निर्माण को दर्शाती है। इस नई पहचान के अनावरण के साथ ही मैरिको लिमिटेड ने शांति दीदी को भी पेश किया, जो निहार शांति मज़बूती की पाठशाला का मैस्कॉट हैं। 

शांति दीदी एक प्रोत्साहित करने वाली और भरोसेमंद शख्सियत का प्रतिनिधित्व करती हैं। जो इस पहल के शैक्षिक संदेशों को बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और समुदायों के लिए अधिक अपना-सा लगने वाला और रोचक बनाने में मदद करेंगी।

इस कार्यक्रम में डॉ. अनुपमा शांडिल्य (उप निदेशक, एकीकृत बाल विकास सेवाएँ (आईसीडीएस), महिला एवं बाल विकास विभाग), ज़फर खान (उप निदेशक, एकीकृत बाल विकास सेवाएँ (आईसीडीएस), महिला एवं बाल विकास विभाग), लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य बुनियादी शिक्षा को मज़बूत बनाने की दिशा में इस पहल के प्रयासों को सामने लाना और NIPUN भारत के उद्देश्यों के अनुरूप शैक्षिक परिणामों में योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना था। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, अमित भसीन (चीफ लीगल ऑफिसर एवं ग्रुप काउंसल तथा मैरिको लिमिटेड की CSR कमेटी के सचिव) ने कहा, “मैरिको में हमारा मानना है कि सशक्त भविष्य की नींव मज़बूत बुनियाद पर रखी जाती है और शिक्षा दीर्घकालिक सामाजिक प्रगति को गति देने वाले सबसे प्रभावशाली माध्यमों में से एक है। निहार शांति मज़बूती की पाठशाला के रूप में इस पहल का नया स्वरूप बुनियादी शिक्षा को मज़बूत बनाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही, यह निहार शांति के मूल विश्वास ‘मज़बूती’ से भी जुड़ा हुआ है। इस पहल के माध्यम से हमारा प्रयास है कि बच्चों में बुनियादी साक्षरता और गणितीय कौशल के साथ-साथ वह आत्मविश्वास, जिज्ञासा और दृढ़ता भी विकसित हो, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और सफल होने में मदद करे। हम अपने सरकारी साझेदारों, शिक्षकों, समुदायों और कार्यान्वयन भागीदारों के आभारी हैं, जिनके सहयोग से सार्थक प्रभाव लाना संभव हुआ है। हम बच्चों के सशक्त भविष्य और एक मज़बूत भारत के निर्माण की इस साझा यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।”

ICDS की डिप्टी डायरेक्टर अनुपमा शांडिल्य ने कहा कि बच्चों के जीवन के शुरुआती छह वर्ष उनके सर्वांगीण विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस अवधि में बच्चे के मस्तिष्क का लगभग 80 प्रतिशत विकास हो जाता है। इसलिए इस उम्र को नजरअंदाज करने के बजाय शिक्षा, पोषण और बेहतर वातावरण के माध्यम से उनकी नींव मजबूत करना जरूरी है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 ने भी छह वर्ष तक की आयु को विशेष महत्व दिया है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, भावनात्मक और संज्ञानात्मक विकास की आधारशिला हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका देश के भविष्य को गढ़ने में बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती उम्र में बच्चों को मिलने वाले अनुभव और सीखने का अवसर ही आगे चलकर उनकी क्षमताओं और भविष्य की दिशा तय करते हैं।

अनुपमा शांडिल्य ने आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेकर उनमें सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामाजिक संस्थाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्रों में बच्चों के लिए बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करने के साथ ही कुपोषण की चुनौती से निपटने में भी ऐसे प्रयास मददगार साबित होंगे। सामाजिक संस्थाओं और सरकार के संयुक्त प्रयासों से आंगनबाड़ी केंद्रों की तस्वीर बदली जा सकती है। बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण, पोषण और सीखने के अवसर उपलब्ध कराना समय की मांग है। 

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केवल रजिस्टर और पोषण ट्रैकर की प्रविष्टियों तक अपनी भूमिका सीमित न रखें, बल्कि बच्चों को पढ़ाने, समझाने और विद्यालय जाने के लिए तैयार करने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कंधों पर राष्ट्र की भावी पीढ़ी तैयार करने की बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए उन्हें अपनी भूमिका और जिम्मेदारी का महत्व समझते हुए पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए।

इस नए अध्याय के हिस्से के रूप में, मैरिको ने निहार शांति मज़बूती की पाठशाला के मैस्कॉट शांति दीदी को भी पेश किया। एक मित्रवत मार्गदर्शक और भरोसेमंद साथी के रूप में परिकल्पित शांति दीदी को बच्चों को सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक, सहज और कम चुनौतीपूर्ण बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। शिक्षण सामग्री, कक्षा की गतिविधियों और कार्यक्रम से जुड़े संवादों के माध्यम से वह बच्चों को सवाल पूछने, आत्मविश्वास के साथ भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। साथ ही, वह बच्चों में आत्मविश्वास और आंतरिक मज़बूती विकसित करने में भी मदद करेंगी।

इस कार्यक्रम में उन लाभार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया, जिनकी उपलब्धियाँ और योगदान NIPUN भारत के उद्देश्यों को साकार करते हैं और बच्चों की शिक्षा में निरंतर सामुदायिक भागीदारी के प्रभाव को दर्शाते हैं। इन सम्मानों के माध्यम से बच्चों के लिए अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार करने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, परिवारों और समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। इन प्रयासों का उत्सव मनाकर, निहार शांति मज़बूती की पाठशाला का उद्देश्य जमीनी स्तर पर अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना और बुनियादी शिक्षा के परिणामों में सुधार लाने के लिए निरंतर सामूहिक प्रयासों के महत्व को और मज़बूत करना है।

निहार शांति मज़बूती की पाठशाला के रूप में इस पहल का नया स्वरूप निहार शांति के बदलते उद्देश्य के अनुरूप है। निहार शांति महिलाओं का सम्मान करता है और उन्हें ऐसे मज़बूत फैसले लेने के लिए सशक्त बनाता है, जो उनके परिवारों को सहारा देने और बेहतर भविष्य के निर्माण में मदद करते हैं। यह पहल निहार शांति और मैरिको CSR को एक साझा विश्वास के सूत्र में पिरोता है—‘मज़बूत फैसलों से बनता है मज़बूत भविष्य’।

नई पहचान के साथ, निहार शांति मज़बूती की पाठशाला अपने शैक्षिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सोच-समझकर लिए गए फैसलों, शिक्षा तक पहुँच और दीर्घकालिक अवसरों के बीच संबंध को और मज़बूत करती रहेगी। पिछले कई वर्षों से यह कार्यक्रम वंचित समुदायों के बच्चों में बुनियादी शिक्षा और शैक्षिक परिणामों को बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहा है। विभिन्न पहलों के माध्यम से इसने 1.26 लाख से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया है और लगभग 12.69 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित किया है।