Thursday , November 12 2026

भारत NCAP में महिंद्रा XUV 3XO ZNG का जलवा, सुरक्षा में हासिल किए पूरे 5 स्टार

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड ने घोषणा की कि XUV 3XO ZNG ने भारत न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (भारत NCAP) में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। इसके साथ ही यह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली भारत की पहली सब-कॉम्पैक्ट CNG SUV बन गई है।XUV 3XO ZNG ने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 32 में से 29.36 अंक और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 49 में से 45 अंक हासिल किए। यह उपलब्धि XUV 3XO की सुरक्षा साख को और मजबूत करती है, जिसे नवंबर 2024 में 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग मिली थी।

इस SUV में 35 से अधिक स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और ISOFIX चाइल्ड-सीट माउंट शामिल हैं। इसके डेडिकेटेड CNG सेफ्टी सिस्टम में इंटीग्रेटेड गैस-लीक डिटेक्शन शामिल है। जो लीक का पता चलते ही वाहन को अपने आप पेट्रोल मोड में बदल देता है।

डॉ. वेलुसामी आर. (प्रेसिडेंट, ऑटोमोटिव बिजनेस, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड) ने कहा, “महिंद्रा में सुरक्षा एक बुनियादी प्रतिबद्धता है, जो वाहन विकास के हर चरण का मार्गदर्शन करती है। XUV 3XO ZNG को ओनरशिप अनुभव के हर पहलू में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए इंजीनियर किया गया है, जो स्पेस, टेक्नोलॉजी, परफॉर्मेंस और ड्राइविंग अनुभव में ‘जीरो कॉम्प्रोमाइज’ देता है। इसका मजबूत आर्किटेक्चर हर सफर में उच्च स्तर की ऑक्यूपेंट सुरक्षा और मानसिक शांति प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग हमारी इंजीनियरिंग उत्कृष्टता का प्रमाण है और XUV 3XO ZNG की स्थिति को हर आयाम में बेहतरीन SUV के रूप में और मजबूत करती है।”

अक्टूबर 2026 में जीरो कॉम्प्रोमाइज के वादे के साथ लॉन्च हुई XUV 3XO ZNG CNG और पेट्रोल दोनों मोड में 82 kW पावर और 200 Nm टॉर्क देती है, जिसकी सर्टिफाइड एफिशिएंसी 24.7 km/kg है। इसका अंडरफ्लोर ट्विन-सिलिंडर पैकेजिंग फ्लैट लोडिंग फ्लोर और 270 लीटर की उपयोगी बूट स्पेस बनाए रखता है।