Sunday , November 8 2026

लाला लाजपत राय वार्ड : जिनके हाथों से चमकता है शहर, उनके साथ पार्षद ने मनाया दीपोत्सव

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। दीपावली का पर्व केवल घरों को रोशन करने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां बांटने और उनके योगदान को सम्मान देने का भी अवसर है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए लाला लाजपत राय वार्ड में भाजपा पार्षद राघवराम तिवारी ने दीपावली का पर्व स्वच्छता कर्मियों के साथ मनाया। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के साथ विधि-विधान से माता लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन किया तथा उन्हें उपहार भेंटकर दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

दीपावली के अवसर पर जहां शहरभर में घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ पूजन-अर्चन किया गया, वहीं पार्षद राघवराम तिवारी की इस पहल ने पर्व की सामाजिक समरसता और सहभागिता की भावना को भी सामने रखा। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के साथ समय बिताया और उन्हें दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाया।

इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों में भी उत्साह देखने को मिला। उपहार पाकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों के योगदान और उनके प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।