मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत के गोल्ड मार्केट में एकीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (ईजीआर) सेगमेंट में लाइव ट्रेडिंग शुरू हो गई। एनएसई और ऑगमोंट एंटरप्राइजेज की साझेदारी से शुरू हुए इस सेगमेंट में पहले ही दिन निवेशकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
शाम 4:25 बजे तक 1,60,357 ईजीआर यूनिट का कारोबार हुआ, जो करीब 6 किलोग्राम सोने के बराबर है। इसका कुल कारोबार मूल्य 23.34 करोड़ रुपये रहा। कारोबार के दौरान कीमतें 1,450.50 से 1,460 रुपये के दायरे में रहीं, जबकि बिड-आस्क स्प्रेड 0.50 से 1 रुपये के बीच रहा।
प्रत्येक ईजीआर 100 मिलीग्राम भौतिक सोने का प्रतिनिधित्व करता है, जिसे सेबी से विनियमित वॉल्ट में सुरक्षित रखा जाता है। निवेशक अपने डीमैट खातों के जरिए इनकी खरीद-बिक्री कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत भौतिक सोना भी प्राप्त कर सकते हैं। इस सेगमेंट में टी+1 सेटलमेंट व्यवस्था लागू है।
ऑगमोंट ईजीआर के निर्माण, सोने की सुरक्षित वॉल्टिंग, रिडेम्पशन और लिक्विडिटी उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक केतन कोठारी ने कहा कि पहले दिन की सक्रिय ट्रेडिंग और व्यवस्थित मूल्य निर्धारण इस नए बाजार की सकारात्मक शुरुआत है। उन्होंने इसे भारत में पारदर्शी, सुलभ और संगठित गोल्ड मार्केट विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal