वाराणसी (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में दीपावली के पावन पर्व से पहले बुधवार को कुम्हार परिवारों को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की नई सौगात मिली। काशी के ऐतिहासिक नमो घाट पर खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आयोग के अध्यक्ष मनोज गोयल ने ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत कुम्हार सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत 160 कुम्हारों को आधुनिक विद्युत चालित चाक वितरित किए। ‘खादी वाली दिवाली’ थीम पर आयोजित वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री एमएसएमई हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहे।
दीपावली से ठीक पहले कुम्हार परिवारों को मिली यह सौगात उनकी पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विद्युत चालित चाक की सहायता से कारीगर अब कम समय और कम शारीरिक श्रम में अधिक मिट्टी के दीये, बर्तन और अन्य पॉटरी उत्पाद तैयार कर सकेंगे। इससे उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ आय में वृद्धि और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यहां की मिट्टी में सदियों पुरानी परंपराएं और कारीगरों का अनमोल हुनर समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज काशी विकास और आधुनिकता के नए अध्याय लिख रही है। एक ओर श्री काशी विश्वनाथ धाम का भव्य स्वरूप दुनिया को आकर्षित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, उद्योगों और स्वरोजगार के नए अवसरों से काशी के सामान्य परिवारों के जीवन में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में ग्रामीण कारीगरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
श्री गोयल ने कहा कि आज का कार्यक्रम केवल मशीनों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि 160 कुम्हार परिवारों के भविष्य में नई संभावनाएं जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब किसी घर में मिट्टी का दीया जलता है, तो उसके पीछे किसी कुम्हार परिवार की मेहनत, उम्मीद और सपने जुड़े होते हैं। वही दीया उसके बच्चों की पढ़ाई, परिवार की आजीविका और घर की खुशहाली का माध्यम बनता है। हमारा प्रयास है कि इस मेहनत को सम्मान मिले और कुम्हार परिवारों की आमदनी बढ़े।
उन्होंने कहा कि कुम्हार सशक्तीकरण योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कारीगरों से नए डिजाइन अपनाने, उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों से अपने उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

केवीआईसी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार का सशक्त आधार बनकर उभरा है। वित्त वर्ष 2025-26 में खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र की कुल बिक्री लगभग 1.87 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। यह उपलब्धि देश के लाखों कारीगरों, ग्रामीण उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज खादी और ग्रामोद्योग क्षेत्र 2 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार और आजीविका से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयोग का अगला लक्ष्य इस क्षेत्र की बिक्री को 2.51 लाख करोड़ रुपये से आगे ले जाना है।
दीपावली के अवसर पर देशवासियों को विशेष संदेश देते हुए केवीआईसी अध्यक्ष मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील की कि इस दीपावली पर लोग अपने घरों को स्थानीय कुम्हारों के बनाए मिट्टी के दीयों से रोशन करें और त्योहारों की खरीदारी में खादी एवं ग्रामोद्योग के स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारी-कर्मचारी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, खादी संस्थाओं के पदाधिकारी, कुम्हार सशक्तीकरण योजना के लाभार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal