लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पंजाब नैशनल बैंक के अंचल कार्यालय लखनऊ में पंकज आनंद (अंचल प्रबन्धक) की अध्यक्षता में राजभाषा समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। जिसमें अंचलाधीन मण्डल कार्यालयों (लखनऊ व सीतापुर भौतिक रूप से और अयोध्या व कानपुर ऑन लाइन जुड़े) के राजभाषा अधिकारियों की उनके मण्डल की वित्तीय वर्ष 2026-27 की अर्धवार्षिक राजभाषा नीति/नियम के अनुपालना, राजभाषा कार्यान्वयन एवं अन्य राजभाषा गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गयी।
उसके उपरांत पंकज आनंद के मुख्य आतिथ्य में अंचल कार्यालय के सामने खुले प्रांगण में मुख्य राजभाषा समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या आयोजित किया गया। समारोह में सैय्यद अतहर हुसेन काजमी व विराज डोगरा (उप अंचल प्रबन्धक), सुजीत कुमार नेगी, मण्डल प्रमुख लखनऊ एवं अन्य उच्चाधिकारी के साथ अधिकारीगण व उनके परिवार भी उपस्थित थे।
अंचल कार्यालय लखनऊ एवं अंचल के अधीनस्थ मंडल कार्यालयों द्वारा 01 सितम्बर से 30 सितंबर 2026 तक धूमधाम से हिन्दी माह के रूप में मनाया गया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष (2025-26) में सर्वश्रेष्ट राजभाषा कार्यनिष्पादन करने वाले मंडलों को अंचल स्तर पर अंत: मण्डल राजभाषा शील्ड तथा अंत: अनुभाग राजभाषा शील्ड एवं प्रमाण पत्र पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त हिंदी माह 2026 में अंचल सहित सभी कार्यालयों के स्टाफ सदस्यों हेतु विभिन्न प्रतियोगिता जैसे निबंध लेखन, कविता लेखन, सामान्य ज्ञान हिन्दी, हिन्दी टंकण, सामान्य बैंकिंग एवं हिंदी प्रश्नोत्तरी, हिन्दी में ई-मेल प्रतियोगिता, उच्चाधिकारियों हेतु नोटिंग/ड्राफ्टिंग प्रतियोगिता एवं अधीनस्थ संवर्ग के लिए सुलेख प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हिन्दी माह में सभी स्टाफ सदस्यों ने हिन्दी प्रतियोगिताओं एवं मुख्य राजभाषा समारोह में हर्षोल्लास व उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य राजभाषा समारोह एवं सांस्कृतिक संध्या में अंचल प्रबन्धक ने सभी विजेताओं को बधाई दी और सभी प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान किया। वहीं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्टाफ सदस्यों ने स्वरचित कविता पाठ एवं गीतगायन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंत में मनीष जैन (सहा. प्रबन्धक) द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal