Friday , October 23 2026

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने बनाया नया रिकॉर्ड, पहली छमाही में अब तक की सर्वाधिक बुकिंग

नोयडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड (जीपीएल) ने 30 सितंबर 2026 को खत्म हुई दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही में 8,008 करोड़ रुपये की बुकिंग हासिल की। यह बुकिंग 3,658 यूनिट्स की बिक्री से हुई, जिनका कुल क्षेत्रफल 62 लाख वर्ग फुट है।

वित्त वर्ष 27 की पहली छमाही में बुकिंग सालाना आधार पर 7% बढ़कर 16,659 करोड़ रुपये हो गई। यह बुकिंग 7,396 यूनिट्स की बिक्री से हुई, जिनका कुल क्षेत्रफल 1.23 करोड़ वर्ग फुट है। गोदरेज प्रॉपर्टीज के इतिहास में किसी भी पहली छमाही की यह अब तक की सबसे ज्यादा बुकिंग है।

सस्टेनेंस सेल्स के लिहाज से वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही अब तक की सबसे अच्छी रही। सस्टेनेंस सेल्स सालाना आधार पर 83% और तिमाही आधार पर 43% बढ़ी। पहली छमाही में इसमें 55% की बढ़ोतरी हुई। इस तिमाही में तीन प्रोजेक्ट्स ने सस्टेनेंस सेल्स में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का योगदान दिया।

इस तिमाही में कंपनी की बिक्री अलग-अलग इलाकों में अच्छी तरह बंटी हुई थी और इसका बड़ा हिस्सा प्रमुख आवासीय बाजारों से आया। एनसीआर (1,926 करोड़ रुपये), एमएमआर (1,899 करोड़ रुपये), बेंगलुरु (1,564 करोड़ रुपये), पुणे (976 करोड़ रुपये), हैदराबाद (782 करोड़ रुपये) और अन्य शहर (861 करोड़ रुपये)।

यह लगातार सातवीं तिमाही है जिसमें जीपीएल ने 7,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की बुकिंग की। साथ ही यह लगातार 13वीं तिमाही है जिसमें बुकिंग 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रही।

वित्त वर्ष 27 की दूसरी तिमाही के प्रदर्शन पर गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड के चेयरपर्सन पिरोजशा गोदरेज ने कहा, “इस तिमाही में मुनाफे और बुकिंग के कुछ प्रमुख आंकड़े भले ही फीके दिख रहे हों, पर कामकाज के लिहाज से दूसरी तिमाही बहुत मजबूत रही। सालाना आधार पर सस्टेनेंस सेल्स 83% बढ़कर 5,054 करोड़ रुपये और कैश कलेक्शन 31% बढ़कर 5,318 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष की पहली छमाही में हमने पूरे साल की अनुमानित लॉन्च पाइपलाइन का सिर्फ एक तिहाई हिस्सा लॉन्च किया। इसके बावजूद हमने सालाना बुकिंग गाइडेंस का 43% हासिल कर लिया। इससे पता चलता है कि सेक्टर में बुनियादी मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।”

उन्होंने कहा, “हमारी लॉन्च पाइपलाइन पहले कभी इतनी मजबूत नहीं रही। इस महीने से लॉन्च की रफ्तार काफी तेज हो रही है। हमें पूरा भरोसा है कि सभी प्रमुख ऑपरेटिंग पैमानों पर हम पूरे साल की गाइडेंस से आगे निकलेंगे। हमारा खास ध्यान मजबूत कैश फ्लो जुटाने पर है। वित्त वर्ष 27 की दूसरी छमाही में हम 15,000 करोड़ रुपये के कलेक्शन और 7,000 करोड़ रुपये के ऑपरेटिंग कैश फ्लो की उम्मीद कर रहे हैं। इससे हम इस अवधि में फ्री कैश फ्लो पॉजिटिव रहते हुए लगातार ग्रोथ के लिए निवेश भी कर पाएंगे। वित्त वर्ष 28 कंपनी के लिए अहम साल है। पिछले कुछ वर्षों की असाधारण ग्रोथ इसी साल प्रोजेक्ट कंप्लीशन अकाउंटिंग के तहत रिपोर्ट होने वाले वित्तीय नतीजों में साफ दिखने लगेगी। इस साल पॉजिटिव फ्री कैश फ्लो और 20% रिपोर्टेड आरओई, दोनों हासिल होने का अनुमान है।”