Friday , October 23 2026

एमएलसी चुनाव : वोटिंग जारी, दोपहर दो बजे तक 40.87% मतदान

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार को दोपहर दो बजे तक कुल 40.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन खंडों में वाराणसी में सबसे अधिक 57.97 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि स्नातक निर्वाचन खंडों में आगरा 32 प्रतिशत मतदान के साथ आगे रहा।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बूथ संख्या-224 (स्नातक), केंद्रीय विद्यालय, विकास खण्ड-2, गोमती नगर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डा. नीरज बोरा ने अपनी पत्नी बिंदु बोरा और पुत्र वत्सल बोरा के साथ मतदान कर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हमारी सहभागिता का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

शिक्षक निर्वाचन खंडों में बरेली-मुरादाबाद में 59.17 प्रतिशत और गोरखपुर-फैजाबाद में 56.32 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं आगरा में 48.20, मेरठ में 46.66 और लखनऊ में 36.50 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

स्नातक निर्वाचन खंडों में मेरठ में 30.38 प्रतिशत, वाराणसी में 28.59 प्रतिशत और लखनऊ में 27.53 प्रतिशत मतदान हुआ। इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन खंड में सबसे कम 26.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जारी आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन खंडों में मतदान का प्रतिशत स्नातक निर्वाचन खंडों की तुलना में अधिक रहा। ये आंकड़े शुक्रवार दोपहर दो बजे तक के हैं।