Thursday , October 22 2026

HDFC : देशभर में 8,800 कार्यशालाओं से साइबर सुरक्षा का संदेश

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। एचडीएफसी बैंक ने साइबर धोखाधड़ी को रोकने और ग्राहकों को जागरूक करने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, ‘साइबर फ्रॉड सुरक्षा’ नामक एक राष्ट्रव्यापी जागरूकता पहल के अंतर्गत 8,800 से अधिक कार्यशालाएं आयोजित कीं गई। ये कार्यशालाएं जुलाई से अक्टूबर 2026 के बीच आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से बैंक ने देशभर के 1.8 लाख से अधिक नागरिकों तक पहुंच की है।

इस अभियान का उद्देश्य ग्राहकों और आम जनता को साइबर धोखाधड़ी के नए तरीकों के बारे में शिक्षित करना, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देना और एक सुरक्षित डिजिटल इकोसिस्टम बनाने में योगदान देना था।

इन कार्यशालाओं का लक्ष्य स्कूली और कॉलेज के छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), कॉर्पोरेट कार्यालयों, सामुदायिक समूहों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राहकों और कर्मचारियों को जागरूक करना था। इन इंटरैक्टिव सत्रों के जरिए, प्रतिभागियों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली ताकि वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें।

इन कार्यशालाओं में वास्तविक जीवन के उदाहरण, कहानियां और वीडियो शामिल थे, जिनसे प्रतिभागियों को यह समझने में मदद मिली कि धोखाधड़ी करने वाले किस तरह के तौर-तरीकों (मॉड्यूस ऑपरेंडी) का इस्तेमाल करते हैं और उनसे कैसे सुरक्षित रहा जा सकता है।कार्यशालाओं में डिजिटल सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया, जिससे लोगों को डिजिटल सुरक्षा की बेहतर समझ मिली।

एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट इंटेलिजेंस एंड कंट्रोल विभाग के सीनियर एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट मनीष अग्रवाल ने इस पर टिप्पणी करते हुए कहा, “साइबर अपराध एक गंभीर खतरा है। अक्सर जागरूकता की कमी के कारण लोग साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं। इसलिए, नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाना बहुत जरूरी है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को यह बताना था कि जालसाज किस तरह के तरीकों का इस्तेमाल करते हैं और उन्हें सुरक्षित बैंकिंग के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए। इससे लोग सतर्क रहेंगे, धोखाधड़ी के तरीकों को पहचान सकेंगे और ऐसे घोटालों का शिकार होने से बच सकेंगे।”