Thursday , October 8 2026

GST सुधारों से उद्योग और MSME को मिलेगी नई गति : दिनेश गोयल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने नई दिल्ली में आयोजित 57वीं GST परिषद की बैठक में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का स्वागत करते हुए इन्हें उद्योग एवं विशेषकर MSME क्षेत्र के लिए अत्यंत सकारात्मक एवं व्यावहारिक कदम बताया।

श्री गोयल ने कहा कि GST पंजीकरण एवं अनुपालन प्रक्रिया का सरलीकरण, रिफंड की तेज एवं ऑटोमेटेड व्यवस्था, ITC से संबंधित सुधार, विभागीय हस्तक्षेप में कमी, सामान्य पेनाल्टी में कमी, गिरफ्तारी प्रावधानों को हटाने तथा अभियोजन की सीमा ₹1 करोड़ से बढ़ाकर ₹5 करोड़ करने और माल की निर्बाध आवाजाही के लिए किए गए प्रावधान उद्योग जगत में विश्वास और Ease of Doing Business को और मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायों के लिए GST अनुपालन को सरल बनाने तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से अन्य राज्यों में व्यापार विस्तार की सुविधा देना MSMEs के विकास और बाजार विस्तार के लिए महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही, रिफंड प्रक्रिया में अधिक ऑटोमेशन से कार्यशील पूंजी और cash flow को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

श्री गोयल ने कहा कि आज लिए गए निर्णय सरकार की उद्योगों के प्रति संवेदनशीलता, विश्वास आधारित कर व्यवस्था तथा MSMEs को handholding support देने की स्पष्ट सोच का प्रतिबिंब हैं। ये निर्णय देश के उद्योगों को अधिक प्रतिस्पर्धी, सक्षम और अनुपालन के दृष्टिकोण से सरल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा कि Viksit Bharat @ 2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए मजबूत, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर उद्योग क्षेत्र आवश्यक है। आज के ये निर्णय विशेषकर MSME क्षेत्र के विकास को गति देने और देश की आर्थिक प्रगति में उनकी भूमिका को और मजबूत करने में सहायक होंगे। IIA समय समय सरकार को MSME के विकास के सम्बन्ध में आवश्यक फीडबैक उपलब्ध करता रहा है एवं तदनुसार ली गए इन सकारात्मक पहलों का स्वागत करता है और इनके प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा करता है।