लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। हर प्रेम कहानी में किसी नायक की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी एक ऐसे साथी का साथ ही काफी होता है, जो आपके लिए लड़ने के बजाय आपको अपनी लड़ाई खुद लड़ने का हौसला दे। स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर 23 सितंबर से शुरू हुए ‘सयोनी’ में रश्मि देसाई माया, जान्हवी सोनी सानवी और गौतम सिंह विग आदित्य की भूमिका में नजर आएंगे। मां का प्यार पाने की चाह रखने वाली सानवी के जीवन में आदित्य एक ऐसे साथी के रूप में आता है, जो उसे अपने मन की बात कहने और अपने फैसले खुद लेने का साहस देता है।
लंबे समय बाद धारावाहिकों में वापसी कर रहीं रश्मि देसाई इसमें मजबूत, व्यावहारिक और अपने जज्बातों को छिपाकर रखने वाली माया की भूमिका निभाएंगी। सरगुन मेहता और रवि दुबे के निर्माण संस्थान ड्रीमियाता एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित यह धारावाहिक भरोसे, बराबरी और हर परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ निभाने वाले प्रेम की कहानी है।
धारावाहिक के शुभारंभ को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए रश्मि देसाई ने कहा, “माया केवल एक किरदार या कल्पना नहीं है, बल्कि जीवन की सच्चाइयों को समझने वाली बेहद व्यावहारिक महिला है। एक कलाकार के रूप में मुझे कई प्रस्ताव मिले, लेकिन कहानियों और किरदारों से जुड़ाव महसूस न होने के कारण मैंने उन्हें स्वीकार नहीं किया। हर कलाकार ऐसा किरदार निभाना चाहता है, जिसे खूबसूरती से लिखा गया हो। मैं छोटे पर्दे पर वापसी नहीं, बल्कि अपने काम में एक सार्थक उद्देश्य तलाश रही थी। सरगुन और रवि निर्माता के रूप में शानदार काम कर रहे हैं और उत्तम भेलावत एक बेहतरीन निर्देशक हैं। पर्दे के पीछे काम करने वाले लोगों को दर्शक भले ही न जानें, लेकिन किसी कहानी को सही दर्शकों तक पहुंचाने में उनकी सबसे अहम भूमिका होती है। मुझे खुशी है कि मैंने इंतजार किया और अपनी भावनाओं के प्रति ईमानदार रही, क्योंकि मैंने कभी जल्दबाजी में फैसले नहीं लिए।”

सानवी के किरदार और रश्मि देसाई के साथ काम करने के अनुभव पर जान्हवी सोनी ने कहा, “सानवी स्नेही और सबका ख्याल रखने वाली लड़की है, लेकिन उसकी अच्छाई को उसकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए। वह सही बात के लिए खड़े होने का साहस रखती है और अपने वादे निभाती है, फिर चाहे इसके लिए उसे कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े। रश्मि मैम के साथ काम करने से यह सफर मेरे लिए और भी खास बन गया है। वह बेहद स्नेही हैं और साथी कलाकार के रूप में हमेशा सहयोग करती हैं। ‘सयोनी’ के माध्यम से मुझे उनमें एक बहुत अच्छी दोस्त भी मिली है।”
आदित्य को सानवी का सच्चा साथी बताते हुए गौतम सिंह विग ने कहा, “क्या आदित्य सानवी का नायक है? नहीं, वह उसका नायक नहीं, बल्कि उसका सयोनी है। नायक आपके लिए आपकी लड़ाई लड़ता है, जबकि सयोनी आपके साथ खड़ा रहता है और आपको अपनी लड़ाई खुद जीतने का हौसला देता है। आदित्य सानवी के फैसलों का सम्मान करता है और उसे अपने सवालों के जवाब खुद तलाशने की पूरी आजादी देता है। उसका प्रेम भरोसे, सुरक्षा और बराबरी पर टिका है। यही बात उसे सानवी का सच्चा साथी बनाती है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal