Sunday , September 20 2026

टेस्ट मैच से पहले नहीं आती थी रोहित शर्मा को नींद, मां के केले के वेफर्स थे रात का सहारा

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा में जब रोहित से पूछा गया कि क्या उन्हें भी दूसरों की तरह देर रात भूख लगती है और इन देर रात के घंटों में उन्हें क्या खाने का मन करता है, तो रोहित शर्मा ने टेस्ट मैचों के दौरान के अपने अनुभव को साझा किया। यह बताते हुए कि अपने पसंदीदा फॉर्मेट को खेलने का दबाव और घबराहट उन्हें अक्सर रात भर जगाए रखती थी, रोहित ने खुलासा किया कि उनका पसंदीदा कम्फर्ट फूड उनकी मां के हाथ के बने केले के वेफर्स (चिप्स) थे।

देर रात की भूख के बारे में बात करते हुए रोहित ने कहा, “हां, होती तो है। मैं झूठ नहीं बोलूंगा, लेकिन जब भी मैं टेस्ट मैच खेलता था, अंदर बहुत घबराहट होती थी। तो टेस्ट मैच के टाइम खास करके, क्योंकि यह मेरा फेवरेट फॉर्मेट था, टेस्ट मैच खेलना।”

खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट की चुनौतियों और इससे उनकी नींद पर पड़ने वाले असर के बारे में बताते हुए रोहित ने कहा, “क्योंकि टेस्ट मैच खेलना आसान फॉर्मेट नहीं है। कोई भी फॉर्मेट आसान नहीं होता, लेकिन टेस्ट मैच के अपने अलग-अलग चैलेंजेस होते थे। तो टेस्ट मैच के लिए मैं हमेशा नर्वस रहता था और घबराहट में मुझे नींद नहीं आती थी, तो रात भर मैं जागा रहता था।”

इन देर रातों के दौरान वे क्या खाते थे इसका खुलासा करते हुए रोहित ने कहा, “तो आप जागे रहते हो तो कुछ न कुछ खाने का मन करता था। तो मैं हमेशा मेरे साथ मेरा कम्फर्ट फूड रखता था, जो मेरी मम्मी हमेशा बना के देती थीं, वो था बनाना वेफर्स।”

रोहित ने बताया कि केले के वेफर्स तले हुए नहीं बल्कि उनकी मां द्वारा बेक किए जाते थे, जिससे यह एक ऐसा कम्फर्टिंग स्नैक बन जाता था जिसे वे मैचों के दौरान अपने साथ ले जा सकते थे। उन्होंने आगे कहा, “वो फ्राइड नहीं होता था। मेरी मम्मी के कुछ तरीके थे, वो बेक करती थीं उसको और वो मैं हमेशा अपने साथ लेके चलता था। तो कभी भी मन करता था तो उसे खा लेता था।”