Thursday , September 17 2026

बेटियों सोनम-रिया को अनिल कपूर ने बताया अपनी जिंदगी का ‘डबल बोनस’

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। 69 साल की उम्र में भी अनिल कपूर की ऊर्जा और अपने काम के प्रति उनका समर्पण पहले जैसा ही बरकरार है। अब वह इंडिया के टॉप 1%: द अनिल कपूर शो के साथ अपनी जिंदगी का एक नया अध्याय शुरू करने जा रहे हैं। शो के दौरान एक प्रतिभागी ने बताया कि परिवार को समय देने के लिए उसने काम से कुछ समय का ब्रेक लेने का फैसला किया। उसकी बात ने अनिल कपूर के दिल को छू लिया और उन्हें अपनी जिंदगी के उस दौर की याद दिला दी, जब काम के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के चलते उन्हें निजी जीवन में कई महत्वपूर्ण पलों से समझौता करना पड़ा था।

शो में प्रतिभागी से दिल की बात साझा करते हुए अनिल कपूर ने कहा, “बहुत लोग कहते हैं कि मैं अपनी फैमिली के लिए काम करता हूं, लेकिन मैं भी अब यह सीख रहा हूं कि परिवार को समय देना कितना जरूरी है। हमारे दोनों दामाद अपने काम और परिवार के बीच बहुत अच्छे से संतुलन बनाते हैं। जब मैं आपकी उम्र का था और रिया का जन्म हुआ था, तब मैं अस्पताल देर से पहुंचा था। इस बात के लिए मैं आज तक खुद को माफ नहीं कर पाया हूं। रिया की डिलीवरी हो चुकी थी और मैं कुछ समय बाद वहां पहुंचा। मैं पूरी रात शूटिंग कर रहा था और मेरी आंख लग गई थी। जब मैं उठा, तब तक रिया का जन्म हो चुका था। बेटी का होना अपने आप में एक बोनस है और मेरी तो दो बेटियां हैं, सोनम और रिया। इसलिए मेरे लिए यह डबल बोनस है।”

इंडिया के टॉप 1% में दर्शकों को अनिल कपूर की दमदार ऊर्जा के साथ-साथ उनका यह भावुक और पारिवारिक पहलू भी देखने को मिलेगा। इस खेल का रोमांच केवल मंच पर मौजूद 100 प्रतिभागियों तक सीमित नहीं रहेगा। दर्शक जियोहॉटस्टार पर घर बैठे ‘प्ले अलॉन्ग’ कर सकेंगे और अपनी तर्कशक्ति व बारीक नजर को आजमाते हुए स्मार्ट टीवी और स्मार्टफोन जैसे शानदार पुरस्कार जीतने का मौका भी पा सकेंगे। साथ ही, वे यह भी जान पाएंगे कि क्या उनमें भारत के टॉप 1% में जगह बनाने की काबिलियत है।