मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। करीब आठ साल तक टीवी फिक्शन से दूर रहने के बाद रश्मि देसाई अब स्टार प्लस के अपकमिंग शो ‘सयोनी’ के साथ छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। हालाँकि, अभिनेत्री के लिए यह लंबा ब्रेक काम की कमी की वजह से नहीं था। रश्मि ने खुलासा किया कि इन सालों में उन्हें कई ऑफर्स मिले, लेकिन उन्होंने उन्हें ठुकरा दिया, क्योंकि वे ऐसे किरदार और कहानी का इंतजार कर रही थीं, जिससे वे दिल से जुड़ सकें। आखिरकार ‘सयोनी’ और इसमें उनके किरदार माया के साथ उनकी यह तलाश पूरी हुई।
अपने टीवी करियर में कई यादगार किरदार निभा चुकीं रश्मि का मानना है कि उनके लिए सिर्फ स्क्रीन पर नजर आना ही काफी नहीं है। ‘सयोनी’ की कहानी और उसमें अपने किरदार माया को लेकर उन्हें जो खास बात महसूस हुई, वही उन्हें इस शो की ओर लेकर आई। अभिनेत्री के मुताबिक, माया कोई काल्पनिक या बनाई हुई शख्सियत नहीं, बल्कि एक बेहद प्रैक्टिकल और वास्तविक किरदार है।

अपनी टीवी वापसी के बारे में बात करते हुए, रश्मि देसाई ने कहा, “माया सिर्फ एक किरदार या कल्पना नहीं है। ‘सयोनी’ में मैं एक बहुत ही प्रैक्टिकल किरदार निभाने जा रही हूँ। एक कलाकार के तौर पर मैं इस बात से इनकार नहीं करुँगी कि मुझे कई ऑफर्स मिले, लेकिन मैंने उन्हें इसलिए मना कर दिया, क्योंकि जो कहानियाँ और किरदार मेरे पास आ रहे थे, उनसे मैं खुद को जोड़ नहीं पा रही थी। हर कलाकार चाहता है कि उसे एक खूबसूरती से लिखा हुआ किरदार निभाने का मौका मिले। मैं टीवी पर वापसी करने के लिए वापसी नहीं करना चाहती थी, मैं एक मकसद की तलाश में थी। एक कलाकार के तौर पर हमारे पास कई मौके आते हैं, लेकिन सिर्फ स्क्रीन पर नजर आना, काम करना और पैसे कमाना ही जरूरी नहीं है। आपको ऐसा कुछ करना चाहिए, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें और मैं भी अपने काम के लिए जानी जाती हूँ। ‘सयोनी’ में वह स्पार्क है। मुझे लगता है कि इस शो की कहानी इसके कलाकारों से भी कहीं बड़ी है।”
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal