Thursday , September 10 2026

ज्ञान, जिज्ञासा और प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगा एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारत की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड पावर कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड ने इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे छात्रों को एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ 2026–27 के मुंबई रीजनल राउंड में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। यह देशस्तरीय क्विज़ प्रतियोगिता युवाओं में ज्ञान, सोचने-समझने की क्षमता, जिज्ञासा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।

मुंबई रीजनल राउंड का आयोजन 17 सितंबर, 2026 को भारत रत्नम – मेगा सीएफसी, गेट नंबर 4 और 5, छठी मंजिल, सेप्ज़ स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन, अंधेरी (ईस्ट), मुंबई में किया जाएगा। इस क्विज़ की थीम “बिजनेस और मैनेजमेंट की दुनिया से जुड़ी हर चीज़” है। इसके तहत छात्रों को बिजनेस और मैनेजमेंट से जुड़े अलग-अलग विषयों पर अपने ज्ञान को परखने का अवसर मिलेगा। हर टीम में दो सदस्य होंगे।

मुंबई रीजनल राउंड में पहले लिखित राउंड होगा। इसके बाद शीर्ष छह टीमों के लिए ऑन-स्टेज मल्टीमीडिया रीजनल फिनाले आयोजित किया जाएगा। मुंबई रीजनल राउंड की शीर्ष दो टीमें नेशनल लेवल के लिए क्वालिफाई करेंगी।

रीजनल राउंड में आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। विजेता टीम को ₹60,000, रनर-अप टीम को ₹40,000 और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ₹20,000 का पुरस्कार दिया जाएगा। चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को ₹8,000 प्रत्येक दिए जाएंगे। क्विज़ में शामिल होने वाले छात्रों के लिए ऑडियंस प्राइज भी दिए जाएंगे।

नेशनल लेवल पर विजेता टीम को ₹1,00,000, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रमशः ₹60,000 और ₹40,000 का पुरस्कार मिलेगा। अन्य क्वालिफाई करने वाली टीमों के लिए सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

मुंबई रीजनल राउंड में भाग लेने के इच्छुक छात्र निर्धारित रजिस्ट्रेशन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके अलावा, वे electronquiz2025@ntpc.co.in पर अपनी एंट्री भेज सकते हैं। ईमेल में टीम के दोनों प्रतिभागियों का नाम, कॉलेज/संस्थान का नाम, ईमेल आईडी और व्हाट्सऐप नंबर देना होगा। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 12 सितंबर, 2026 है।

क्विज़ में कोई रजिस्ट्रेशन या भागीदारी शुल्क नहीं है और संस्थान एक से अधिक टीमों को नामांकित कर सकते हैं। रीजनल राउंड में आने-जाने के लिए यात्रा खर्च की भरपाई लागू नियमों के अनुसार केवल एसी 3-टियर ट्रेन किराए तक सीमित रहेगी।

एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ का आयोजन वर्ष 2004 से किया जा रहा है। यह एनटीपीसी की प्रमुख पहलों में से एक है, जिसके माध्यम से कंपनी छात्र समुदाय से जुड़ती है और युवाओं को अपने ज्ञान, सोचने-समझने की क्षमता और प्रतिस्पर्धी भावना को बेहतर बनाने के लिए एक मंच प्रदान करती है।

एनटीपीसी ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट संस्थानों से अपील की है कि वे इस आमंत्रण को पात्र छात्रों तक पहुंचाएं और उन्हें एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ 2026–27 के मुंबई रीजनल राउंड में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें।