Sunday , September 6 2026

राधा-गिरधारी संग अपराजिताओं ने बिखेरा भक्ति और उल्लास का रंग

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। अपराजिता जज़्बा जीत का नेशनल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से अपराजिता के रंग, राधा-गिरधारी के संग’ थीम पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेम, श्रृंगार और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में मनु राय के निर्देशन तथा निधि सक्सेना के संयोजन में आयोजित रितु गीत कार्यशाला का समापन हुआ। गीतों की प्रस्तुतियों और राधा-गिरधारी के भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। लोकगीत कार्यशाला के प्रशिक्षक मनु राय को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जबकि कार्यशाला के सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी प्रतिभागिता को प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण अपराजिता राधा रानी प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न स्वरूपों की मनोहारी झांकियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव और अनुष्का श्रीवास्तव ने निभाई। अपराजिता राधा रानी अवार्ड मालविका शरद और प्रियंका को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की संस्थापिका डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव ने संस्था एवं कार्यक्रम का परिचय प्रस्तुत कर किया। अध्यक्ष प्रोफेसर सीमा सरकार ने अतिथियों का स्वागत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत आशा श्रीवास्तव ने योगेश प्रवीन के गीत की प्रस्तुति से की।

संस्था की संरक्षक नीता माथुर और अंजलि सक्सेना ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संयोजन अर्चना श्रीवास्तव ने किया, जबकि संचालन शिखा श्रीवास्तव ने किया। समारोह में 15 अगस्त से 15 सितंबर के बीच जन्मदिन वाले सभी अपराजिताओं ने भी उल्लासपूर्वक अपना जन्मदिन मनाया। 

इस अवसर पर मटकी-दही हांडी के प्रतिरूप वाले केक को काटकर जन्मदिन समारोह मनाया गया। बाल रूप में हिंडोले पर विराजमान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। महिलाओं ने मेहंदी लगाने की सुविधा का भी भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने डांडिया नृत्य का आनंद लिया। उत्साह, भक्ति और उल्लास से सराबोर डांडिया नृत्य के साथ समारोह का भव्य समापन हुआ।