Saturday , September 5 2026

लैला ओ लैला’ बना टेरेन्स लुईस की पहली जीत का गवाह, बचपन की यादें हुईं ताज़ा

मुंबई (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविज़न का शो इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5 हमेशा से डांस की ताक़त और उन व्यक्तिगत कहानियों का जश्न मनाता रहा है, जो एक डांसर की यात्रा को प्रेरित करती हैं। आने वाले एपिसोड में स्पेशल गेस्ट ज़ीनत अमान शो की शोभा बढ़ाएँगी, जहाँ टेरेन्स लुईस अपने बचपन की एक बेहद निजी याद साझा करेंगे। वह बताएंगे कि किस तरह बॉलीवुड का आइकॉनिक गाना ‘लैला ओ लैला’ उनके दिल के बेहद क़रीब है और क्यों यह गाना आज भी उनके जीवन में ख़ास जगह रखता है।

टेरेन्स ने याद किया कि जब वह सिर्फ़ छह साल के थे, तब उन्होंने यह गाना देखा और तुरंत ही उससे मोहित हो गए। उन्होंने लगभग दो साल तक इस गाने पर परफ़ॉर्म किया और पहली कक्षा में इसी गाने पर अपनी पहली डांस प्रतियोगिता भी जीत ली।

टेरेन्स लुईस ने साझा किया, “मैं कुछ बहुत पर्सनल बात शेयरकरना चाहता हूँ। मैं 6 साल का था जब मैंने इस पिक्चर का सिर्फ़ गाना देखा था। यह फ़िल्म हम बच्चों को देखने की इजाज़त नहीं थी, हमें रोका गया था। हमें सिर्फ़ गाना पता था हमने गाना देखा था। यह पहला बॉलीवुड गाना था जिसे मैंने देखा और मैंने कहा ‘मैं इस पर नाचूँगा।’ सचमुच, दो साल तक मैं इस गाने पर नाचा, कॉम्पिटिशन में नाचा और पहली कक्षा में मैंने ‘लैला ओ लैला’ गाने पर अपनी पहली प्रतियोगिता जीती।” 

टेरेन्स ने याद किया कि वह उत्साह से इस गाने पर परफ़ॉर्म करते थे, ख़ासकर इसके ड्रम सेक्शन का आनंद लेते हुए, और अपनी कॉलोनी में शादियों व समारोहों में इसे प्रस्तुत करते थे।

टेरेन्स ने साझा किया, “बच्चे के लिए परफॉर्म करने के लिए कितना अच्छा गाना है। मैं और भी ज्यादा एक्साइटेड हो जाता था जब ड्रम का सेक्शन आता था, मैं पूरा खेल जाता था। मेरे कॉलोनी में सब लोग उसी गाने पर परफॉर्म करते थे। हर शादी में मैं परफॉर्म करता था, हर कोई मुझसे परफॉर्म करने के लिए कहता था। मुझे याद है, यह मेरे लिए बहुत आइकॉनिक है। ‘लैला ओ’ ‘लैला’ मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा।”

टेरेन्स की दिल छू लेने वाली यादें इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5 में उनके डांस से जुड़ाव की शुरुआती झलक पेश करती हैं। यह बताती हैं कि किस तरह एक आइकॉनिक गाना उनके बचपन का प्रिय हिस्सा बना और उनकी डांसर यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ।