लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। कई दिनों से रुक रुककर हो रही बारिश व गोमती नदी के बढ़ते जलस्तर से लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फैजुल्लागंज के कई इलाके जलमन्न हो गए है। जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं घरों के अन्दर तक पानी भरने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा खुद ग्राउंड जीरो पर उतरे। शनिवार को उन्होंने मौके पर पहुंचकर प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और सम्बंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि जल निकासी के लिए पांच पंप सेट लगाए गए हैं। साथ ही नवनिर्मित पक्के नाले को एक स्थान पर काटकर पानी को नाले में गिराकर निकासी की जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की भूमि के लेवल को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर जेसीबी से कच्चे नाले खुदवाये जाएंगे, जिनके माध्यम से पानी को पक्के नाले में पहुंचाया जाएगा। इससे स्थानीय निवासियों को जलभराव से निजात दिलाने में मदद मिलेगी।

डॉ. नीरज बोरा ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

इसके अलावा क्षेत्र में आवागमन एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विधायक ने मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइट लगवाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान जोन तीन के अधिशासी अभियंता नजमी मुजफ्फर, जोनल अधिकारी अजीत राय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि फैजुल्लागंज वार्ड चतुर्थ स्थित मामा कॉलोनी, दाउदनगर, नई बस्ती सहित आसपास के कई इलाकों में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। स्थिति को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने 4 सितंबर को जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को राहत एवं बचाव कार्य तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने को लेकर पत्र लिखा था।

विधायक के पत्र के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त अरुण गुप्ता ने शुक्रवार शाम ही टीम के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लेने के साथ ही राहत कार्य शुरू करवा दिया था। वहीँ सीएमओ ने भी नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अधीक्षक को प्रभावित क्षेत्र में कैम्प करने का निर्देश दिया था।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal