नोएडा (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति में प्रदेश सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत राज्य में लगभग ₹20,000 करोड़ के भविष्य के निवेश की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे करीब 40,000 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
यह समझौता राज्य में समूह की बढ़ती मौजूदगी और हरियाणा की दीर्घकालिक आर्थिक क्षमता में उसके विश्वास को दर्शाता है। यह प्रस्तावित निवेश राज्य में समूह के मौजूदा विस्तार को और आगे बढ़ाएगा। गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप अब तक हरियाणा में लगभग ₹12,000 करोड़ का निवेश कर चुका है और अपने विभिन्न व्यवसायों के जरिए करीब 9,000 लोगों को रोजगार दे रहा है।
गोदरेज ग्रुप की निवेश योजनाओं में गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कंपनी अब तक हरियाणा में लगभग ₹11,000 करोड़ का निवेश कर चुकी है और वित्त वर्ष 2027-28 तक ₹16,000 करोड़ का अतिरिक्त निवेश करने की योजना है। कंपनी के पास वर्तमान में गुरुग्राम, सोनीपत, फरीदाबाद, पानीपत और कुरुक्षेत्र में 18 प्रोजेक्ट हैं। भविष्य की इन परियोजनाओं से 11,000 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
ग्रुप की योजनाएं केवल आवासीय विकास तक सीमित नहीं हैं। गोदरेज वेंचर्स ने हरियाणा में करीब ₹1,000 करोड़ का निवेश किया है और गुरुग्राम में ग्रेड-A+ कार्यालय ढांचे में 3,500 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बनाई है। प्रस्तावित निवेश से 30,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है। इससे गुरुग्राम के कारोबारी माहौल को और मजबूती मिलेगी तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCCs) के लिए शहर का आकर्षण बढ़ेगा।
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के चेयरमैन पिरोजशा गोदरेज ने कहा, “हरियाणा गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के लिए विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। राज्य की मजबूत अर्थव्यवस्था, तेजी से हो रहा शहरीकरण और गुरुग्राम का प्रमुख कारोबारी एवं रोजगार केंद्र के रूप में उभरना हमारे कई कारोबारों के लिए अवसर पैदा करता है। हमने पिछले कुछ वर्षों में राज्य में महत्वपूर्ण निवेश किया है और आगे के निवेश की हमारी योजनाएं इस बाजार और राज्य में पहले से स्थापित हमारी मौजूदगी को आगे बढ़ाने की क्षमता में हमारे विश्वास को दर्शाती हैं।”
उन्होंने कहा, “हमें हरियाणा सरकार के साथ समझौते के माध्यम से निवेश के अगले चरण को औपचारिक रूप देने पर खुशी है। हम इन योजनाओं को साकार करने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करने की उम्मीद करते हैं। हम हरियाणा को ऐसे बाजार के रूप में देखते हैं, जहां हम लंबे समय तक निवेश जारी रख सकते हैं और राज्य के आर्थिक तथा शहरी विकास में सार्थक योगदान दे सकते हैं।”
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के ग्रुप हैड और प्रेसिडेंट (कॉर्पोरेट अफेयर्स) राकेश स्वामी ने कहा, “हम राज्य सरकार द्वारा बनाए गए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (व्यापार करने में सुगमता) और अनुकूल निवेश माहौल की सराहना करते हैं। यह समझौता हरियाणा में एक दीर्घकालिक निवेश गंतव्य के रूप में हमारे विश्वास की पुष्टि करता है, जिसमें रेजिडेंशियल और कमर्शियल विकास से लेकर व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर और सेवा क्षेत्र तक कई अवसर शामिल हैं। हम हरियाणा सरकार के साथ अपनी साझेदारी को महत्व देते हैं और इस विकास में दीर्घकालिक भागीदार बनने के लिए तैयार हैं।”
समूह के अन्य व्यवसायों की भी हरियाणा में मजबूत उपस्थिति है। गोदरेज कैपिटल राज्य में पांच शाखाएं संचालित करता है और उसने अपने फाइनेंसिंग कारोबार के जरिए लगभग ₹550 करोड़ की बुकिंग में मदद की है। गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का राज्य भर में 42 डायरेक्ट डिस्ट्रीब्यूटर्स और 250 से अधिक ग्रामीण स्टॉकिस्टों का नेटवर्क है।
व्यावसायिक निवेश के साथ-साथ गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने हरियाणा में सामाजिक और बुनियादी ढांचे से जुड़ी पहलों में भी योगदान दिया है। समूह राज्य में सीएसआर (CSR) गतिविधियों पर हर साल लगभग ₹1 करोड़ और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी पहलों पर ₹10 करोड़ से अधिक खर्च करता है। इसके कार्यों में निर्माण श्रमिकों के लिए सहायता प्रणाली को मजबूत करना, मौसम से संबंधित बीमा प्रदान करना और करनाल व कुरुक्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों के सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार में मदद करना शामिल है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal