Wednesday , August 19 2026

अनसुने प्रयासों और बदलाव की कहानियों को आवाज देगा TEDxIIHMR U

जयपुर (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। IIHMR यूनिवर्सिटी, जयपुर में 21 अगस्त 2026 को टेडएक्स आईआईएचएमआर यू (TEDxIIHMR U) के फोर्थ एडिशन का आयोजन किया जाएगा। इस साल कार्यक्रम की थीम “इग्नाइट द अनसीन” है। कार्यक्रम में ऐसे विचारों, अनुभवों और प्रयासों पर चर्चा होगी, जो आमतौर पर व्यापक सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं बन पाते, लेकिन समाज में बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े स्पीकर अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। इनमें डॉ. मल्लिका साराभाई (पद्म भूषण सम्मानित और दर्पणा अकादमी की निदेशक), डॉ. शिबू विजयन (क्योर.एआई में वैश्विक स्वास्थ्य के मुख्य चिकित्सा अधिकारी), ओम प्रकाश गुर्जर (साल 2006 के अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित और पाठशाला ट्रस्ट के संस्थापक), गौरी यादवदकर (राउंडग्लास म्यूजिक में प्रमुख भूमिका निभाने वाली गायिका, संगीतकार और संगीतशास्त्री), आर. उदयन लाहिरी (उद्यमी, वन्यजीव संरक्षणकर्ता और मेडिका ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के पूर्व प्रबंध निदेशक) तथा प्रतीक माधव (राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित दिव्यांग अधिकार कार्यकर्ता और एटीएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं को-फाउंडर) शामिल हैं।

कार्यक्रम में अभिषेक मुडगल और उनकी टीम की प्रस्तुति भी होगी। श्री मुडगल नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में स्टेज मैनेजर हैं और रंग मस्ताने के फाउंडर हैं।

कार्यक्रम को लेकर यामिनी अग्रवाल और डॉ. पी.आर. सोडानी ने बताया “जिन कहानियों और प्रयासों पर अक्सर ध्यान नहीं जाता, उनमें कई महत्वपूर्ण पहलू छिपे होते हैं। टेडएक्स आईआईएचएमआर यू (TEDxIIHMR U) के माध्यम से ऐसे विचारों और व्यक्तियों को सामने लाने का प्रयास है, जिन पर संवाद की आवश्यकता है।”

फोर्थ एडिशन में स्वास्थ्य, नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक प्रभाव और कला से जुड़े विषयों पर विचार और अनुभव साझा किए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वक्ताओं के माध्यम से इन विषयों को अलग-अलग दृष्टिकोणों से समझने का अवसर मिलेगा।