लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। पासपोर्ट आवेदकों की सुविधा तथा आधार से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विपिन खंड, गोमती नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ मुख्यालय में आधार सहायता केंद्र का शुभारंभ क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह तथा सहायक निदेशक आकाशदीप सिंह ने किया।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया में आधार कार्ड एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। आवेदकों द्वारा पासपोर्ट आवेदन के समय प्रस्तुत किए जाने वाले आधार विवरण में कभी-कभी नाम, जन्मतिथि, पता अथवा अन्य विवरणों से संबंधित विसंगतियां सामने आती हैं। इन विसंगतियों के कारण आवेदकों को कई बार असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में आधार सहायता केंद्र की स्थापना की गई है।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से पासपोर्ट आवेदकों के आधार से संबंधित विवरणों का आवश्यक सत्यापन किया जा सकेगा तथा आधार कार्ड में पाई जाने वाली विसंगतियों के निराकरण हेतु त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, आधार से संबंधित किसी अन्य समस्या के सामने आने पर आवेदक उसके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकेंगे।
सहायक निदेशक आकाशदीप ने कहा कि भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी आधार संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आधार को अद्यतित (अपडेट) कराना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आधार में निर्धारित अवधि पर पहचान, बायोमीट्रिक एवं पते से संबंधित विवरण आदि को अद्यतित कराने सहित आधार से जुड़ी विभिन्न आवश्यक सेवाओं के संबंध में भी इस केंद्र के माध्यम से आवेदकों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस पहल का उद्देश्य पासपोर्ट आवेदन प्रक्रिया को और अधिक सुगम, पारदर्शी एवं आवेदक-केंद्रित बनाना है, ताकि आधार से संबंधित समस्याओं के कारण पासपोर्ट सेवा प्राप्त करने में आवेदकों को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े।
यह सुविधा क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ सहित चारों पासपोर्ट सेवा केंद्रों (लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर तथा वाराणसी) में उपलब्ध होगी। पासपोर्ट कार्यालय, लखनऊ द्वारा यह प्रयास किया गया है कि आवेदकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध हो तथा पासपोर्ट सेवा प्रदान करने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध बनाया जा सके।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal