Sunday , August 16 2026

तिरंगे की शान और देशभक्ति के जज्बे से गूंजा महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल, गोमती नगर में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर विद्यालय अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, सचिव राजीव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, प्रधानाचार्या शिल्पी बाजपेयी एवं उपप्रधानाचार्या शालू श्रीवास्तव मौजूद रहे। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। 

समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विवेक गर्ग (डायरेक्टर, लखनऊ कैंसर इंस्टीट्यूट) एवं विशिष्ट अतिथि विनोद अग्रवाल (सह-अध्यक्ष, महाराजा अग्रसेन धर्मार्थ चिकित्सालय) ने ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं देशभक्ति नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। विद्यालय के स्कूल कैबिनेट द्वारा मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया गया। वहीं रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर स्वतंत्रता, शांति और राष्ट्र की प्रगति का संदेश दिया।

मुख्य कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के मधुर सभागार में किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विवेक गर्ग एवं विशिष्ट अतिथि विनोद अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों द्वारा मनमोहक देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शिल्पी बाजपेयी ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से प्रेरणा लेने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने “नन्हा मुन्ना राही हूँ” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत दांडी मार्च पर आधारित संगीतमय नाटिका ने स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, सत्य एवं अहिंसा के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

इसके पश्चात हेड बॉय एवं हेड गर्ल ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शानदार देशभक्ति नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया।

विशिष्ट अतिथि विनोद अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मुख्य अतिथि डॉ. विवेक गर्ग ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और देशप्रेम को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

समारोह में मुख्य रूप से मनोज हवेलिया, राजीव चंद्रा, अरुण बंसल, सुशील अग्रवाल, रविश कुमार अग्रवाल, रविल अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, महेश मित्तल एवं अन्य पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।