Saturday , August 15 2026

ध्वजारोहण संग व्यापारियों ने शहीदों को किया नमन, संगठन की मजबूती का लिया संकल्प

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। भारतीय जन उद्योग व्यापार मंडल द्वारा 80वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्ला चौराहा नहर रोड जानकीपुरम स्थित प्रदेश कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. सिंह बैसवारा ने पदाधिकारियों संग ध्वजारोहण किया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सौरभ तिवारी ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने और आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विवेक शुक्ला ने संगठन को परिवार की तरह मजबूत बनाने के साथ सदस्यों में भाईचारा और सहयोग की भावना बढ़ाने पर जोर दिया। 

राष्ट्रीय प्रभारी हनुमत सिंह ने सदस्यता अभियान को गति देते हुए अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने की अपील की। राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.डी. सिंह बैसवारा ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और क्रांतिकारियों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री विमल चौबे, उपाध्यक्ष पंकज दीक्षित, प्रमोद तिवारी, विशाल रावत, प्रवीण, संजय मिश्रा, प्रदेश विधि सलाहकार विनय कृष्ण पाण्डेय, प्रदेश मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष अवधेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र शास्त्री, सुरेश चंद्र दीक्षित, सौरभ वर्मा, मनीष सिंह, अजनहर रोड अध्यक्ष अमरेश प्रताप सिंह, रोहित सिंह, राजकुमार पाल, नहर रोड अध्यक्ष विजय गुप्ता, मोहित सिंह, पवन यादव, मनोज गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठन की एकजुटता और समाज के प्रति समर्पण का संकल्प लेकर हुआ।