लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। बहुराष्ट्रीय फ्रेग्रेंस कंपनी यूरोफ्रेगेंस ने शेखर श्रीनिवासन को भारत के लिए अपना प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भारत में अपनी उपस्थिति को और मज़बूत करने के कंपनी के संकल्प को दर्शाती है। भारत, यूरोफ्रेगेंस के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाज़ारों में से एक होने के साथ-साथ इसकी विस्तार रणनीति का एक प्रमुख स्तंभ भी है।
साल 2018 में भारत में कदम रखने के बाद से, यूरोफ्रेगेंस ने 50 से अधिक कर्मचारियों की एक मज़बूत स्थानीय टीम खड़ी की है। यह टीम फाइन फ्रेग्रेंस, होम केयर और पर्सनल केयर श्रेणियों (कैटेगरीज़) में ग्राहकों को अपनी सेवाएं दे रही है।
शेखर के पास स्पेशलिटी केमिकल्स, फ्रेग्रेंस और कंज्यूमर गुड्स उद्योगों में ग्लोबल लीडरशिप का 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वह बिज़नेस को बढ़ाने, व्यावसायिक बदलाव और रणनीतिक विकास में एक बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड के साथ यूरोफ्रेगेंस से जुड़ रहे हैं।
शेखर श्रीनिवासन ने कहा, “भारत में यूरोफ्रेगेंस की विकास यात्रा के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर कंपनी से जुड़कर मैं अत्यंत उत्साहित हूँ। भारत दुनिया के सबसे गतिशील और तेजी से उभरते फ्रेग्रेंस बाज़ारों में से एक है। यूरोफ्रेगेंस अपनी उद्यमशीलता संस्कृति, ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण और नवाचार के प्रति अपने समर्पण के बल पर इस अवसर का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मैं इस क्षेत्र में स्थायी विकास को गति देने, रणनीतिक साझेदारी को मज़बूत करने और हमारी सफलता के अगले चरण को आकार देने के लिए अपने ग्राहकों और प्रतिभाशाली टीम के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूँ।”
अपनी इस नई भूमिका में, शेखर यूरोफ्रेगेंस इंडिया का नेतृत्व करेंगे। उनका मुख्य ध्यान व्यवसाय को बढ़ाने, ग्राहकों के साथ जुड़ाव को मज़बूत करने और मार्केट में कंपनी का दायरा बढ़ाने पर होगा। इसके साथ ही, वह भारत में एक नई मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री शुरू करने समेत कंपनी को विकास के अगले स्तर पर ले जाने का काम करेंगे।
यूरोफ्रेगेंस के सीईओ, जोन पेरे जिमेनेज़ ने कहा, “हमें यूरोफ्रेगेंस में शेखर का स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है। उनका लंबा अनुभव, वैश्विक नज़रिया और तेजी से बदलते बाज़ारों को संभालने की उनकी बेहतरीन नेतृत्व क्षमता भारत में हमारे बिज़नेस की मौजूदा रफ्तार को और बढ़ाने में मददगार साबित होगी। उनके आने से दुनिया के सबसे गतिशील फ्रेग्रेंस बाज़ारों में से एक, भारत में हमारी स्थिति और मज़बूत होगी।”
यूरोफ्रेगेंस से जुड़ने से पहले, शेखर गोदरेज इंडस्ट्रीज़ (केमिकल्स) में ग्लोबल बिज़नेस हेड के रूप में काम कर रहे थे। वहाँ उन्होंने वैश्विक स्तर पर कंपनी के बिज़नेस पोर्टफोलियो को संभाला और रेवेन्यू के साथ-साथ मुनाफे में भी बड़ी बढ़त दर्ज की। वह डीएसएम-फर्मेनिच, इनजिविटी इंडिया, अरेंका और पेट्रोटेल आईएनसी जैसी प्रमुख कंपनियों में भी वरिष्ठ पदों पर रहे हैं। श्रीनिवासन ने केमिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और पेट्रोलियम इंजीनियरिंग में एम.एस. की डिग्री प्राप्त की है।
Telescope Today | टेलीस्कोप टुडे Latest News & Information Portal