Wednesday , July 29 2026

भाषण और स्लोगन प्रतियोगिता के जरिए AKTU में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। डाॅ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान पखवाड़ा के तहत बुधवार को नशा से मुक्ति पर आधारित भाषण एवं स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया। साथ ही व्यसन से युवाओं को दूर रखने के लिए योग एवं प्राणायाम करने की प्रेरणा दी गयी। कुलपति प्रो. जेपी पाण्डेय के निर्देशन एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी सिंह के मार्गदर्शन में बीटेक, बीफार्मा एवं एमबीए के छात्रों ने भाषण प्रतियोगिता एवं स्लोगन लेखन में हिस्सा लिया।

इस दौरान छात्रों ने भाषण के माध्यम से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक परिवार नहीं खत्म करता बल्कि समाज और देश को भी खोखला कर देता है। इसलिए युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रहना चाहिए। वहीं, स्लोगन लेखन में छात्रों ने नशे से दूरी पर आधारित स्लोगन लिखे। मूल्यांकन के बाद भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अंशिता आशीष, द्वितीय स्थान पर आयुष राय एवं तृतीय स्थान अंकुश तिवारी रहे। जबकि स्लोगन में पल्लवी श्रीवास्तव पहले, वंश सिंह दूसरे एवं श्रेया जायसवाल तीसरे स्थान पर रहीं।

इसी क्रम में योग प्रशिक्षिका मोनिका यादव ने छात्रों को व्यसन से दूर रहने के लिए विभिन्न योगासनों एवं प्रणायामों को कर प्रेरित किया। इस दौरान उपकुलसचिव डाॅ. आयुष श्रीवास्तव ने कहा कि व्यसनों से दूर रहने के लिए जीवन में अनुशासन का रहना जरूरी है। योग और प्रणायाम हमें अनुशासित करने में अहम योगदान देते हैं। डाॅ0 नीलकंठ मणि पुजारी ने विभिन्न योगसनों एवं प्राणायाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर डाॅ0 वर्षा शुक्ला, डाॅ0 पारूल सिंह, डाॅ0 रोहित प्रकाश, डाॅ0 विकास चैधरी, डाॅ0 नरेंद्र पाल मौर्य, डाॅ0 नरेश मौर्य, अंजली सिंह, प्रिया आर्या एवं आरजु गुप्ता मौजूद रहीं।