Friday , July 24 2026

लखनऊ उत्तर को ₹24.37 करोड़ की विकास सौगात, 34 परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास

लखनऊ (टेलीस्कोप टुडे संवाददाता)। लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र के अवस्थापना और जनकल्याणकारी विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से कुल 34 विकास कार्यों के लिए ₹24.37 करोड़ रुपये की विशाल धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई है। सीतापुर रोड स्थित सेंट जोसेफ कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत केंद्रीय रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह द्वारा स्वीकृत कराए गए विकास कार्यों का शिलान्यास हुआ। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. नीरज सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, सेंट जोसेफ कॉलेज के चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित काफी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

केंद्रीय रक्षामंत्री व लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की निधि से सर्वाधिक 30 विकास कार्य होंगे, जिसकी कुल लागत ₹2102.35 लाख है। वहीं विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा द्वारा ₹135.81 लाख की लागत से 1 प्रमुख विकास कार्य तथा राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी द्वारा ₹199.29 लाख की लागत से 3 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। 

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि लखनऊ को विश्वस्तरीय और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे से लैस शहर बनाना रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का संकल्प है। उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत सभी 34 विकास कार्य जन-आकांक्षाओं को पूरा करने और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे। डबल इंजन सरकार की नीति ‘विकास भी, विरासत भी’ के तहत हर वार्ड और हर मोहल्ले तक विकास की किरण पहुंचाई जा रही है।”

विधायक डा. नीरज बोरा ने कहा कि लखनऊ उत्तर में ₹24.37 करोड़ से अधिक की लागत से होने वाले ये 34 विकास कार्य क्षेत्र की सड़कों, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं का कायाकल्प करेंगे। हमारी सरकार क्षेत्रवासियों को हर संभव सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों की इस बड़ी सौगात से स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। 

कार्यक्रम में पार्षद राघवराम तिवारी, रंजीत सिंह, मुन्ना मिश्रा, अनुराग मिश्रा “अन्नू”, रश्मि सिंह, प्रियंका बाजपेई, मान सिंह यादव, पृथ्वी गुप्ता, दीपक लोधी, स्वदेश सिंह, निवर्तमान पार्षद प्रदीप शुक्ला, पूर्व पार्षद रुपाली गुप्ता, अमित मौर्या, पार्षद प्रतिनिधि सुदर्शन कटियार, अंकुश बाजपेई, सौरभ तिवारी, गौरव तिवारी, सत्यदेव सिंह, पूर्व नगर महामंत्री राम औतार कनौजिया, नगर उपाध्यक्ष घनश्याम अग्रवाल, टिंकू सोनकर, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्या, रमन निगम, संजय तिवारी, सरिता राय (अधिशाषी अभियंता), मनोज शुक्ल (सहायक अभियंता), सुशील सिंह सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।